Apple की मैकबुक लाइनअप के लिए यह साल बेहद खास होने वाला है. कई सालों तक टचस्क्रीन मैकबुक लाने से दूरी बनाती रही Apple इस साल नया धमाका कर सकती है. ताजा रिपोर्ट्स की मानें तो कंपनी इसी साल मैकबुक प्रो लाइनअप में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव करने जा रही है. अगले कुछ महीनों में कंपनी टचस्क्रीन वाला मैकबुक प्रो लॉन्च कर सकती है. OLED डिस्प्ले पैनल के साथ आने वाले इस मैकबुक प्रो में आईफोन की तरह डायनामिक आईलैंड भी मिलेगा.
पहली बार OLED पैनल यूज करेगी ऐप्पल
इसी साल लॉन्च होने वाले इस मैकबुक प्रो में ऐप्पल पहली बार OLED डिस्प्ले पैनल यूज करेगी. अभी तक कंपनी अपने महंगे से महंगे लैपटॉप में भी mini-LED पैनल देती आ रही है. OLED डिस्प्ले पैनल डीप ब्लैक के साथ बेहतर कंट्रास्ट और कलर एक्यूरेसी देंगे. ऐसे कयास हैं कि 14 और 16 इंच दोनों ही वेरिएंट में OLED पैनल यूज किया जा सकता है. अपकमिंग मैकबुक प्रो के डिजाइन में ज्यादा बदलाव नहीं दिखेगा, लेकिन इसकी चेसिस को थोड़ा स्लिम और रिफाइन किए जाने की उम्मीद है.
मैकबुक में आएगा आईफोन जैसा डायनामिक आईलैंड
अपकमिंग मैकबुक प्रो में एक और बड़ा बदलाव डायनामिक आईलैंड के तौर पर देखने को मिल सकता है. करंट मॉडल में मिलने वाली नॉच को हटाकर कंपनी होल-पंच कैमरा एरिया एड कर सकती है, जो एक्सपैंड होकर इंटरैक्टिव डायनामिक आईलैंड बन जाएगा. इसमें यूजर को अलर्ट, बैकग्राउंड टास्क, म्यूजिक कंट्रोल और दूसरे सिस्टम अपडेट दिखाए जा सकते हैं.
macOS को भी किया जा रहा है अपडेट
टचस्क्रीन मैकबुक प्रो के लिए कंपनी macOS को भी अपडेट करते हुए इसे टच-फ्रेंडली बना रही है. अपडेट के बाद मेनू आइटम्स और स्क्रीन कंट्रोल को जैसे ही टच किया जाएगा, इनका साइज थोड़ा बड़ा हो जाएगा. इसी तरह ये फास्ट स्क्रॉलिंग को भी सपोर्ट करेंगे. टचस्क्रीन सपोर्ट देने के बावजूद ऐप्पल इसे आईपैड की तरह टच-फर्स्ट डिवाइस के तौर पर मार्केट नहीं करेगी. टचस्क्रीन आने के बाद भी बाद भी यूजर इसके साथ कीबोर्ड, ट्रैकपैड और माउस यूज कर पाएंगे. नया फीचर देकर कंपनी इसके यूज में फ्लैक्सिबिलिटी जोड़ना चाहती है.

