Stock Market News : हफ्ते के चौथे कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार की शुरुआती तेजी टिक नहीं पाई. आईटी, बैंकिंग और पीएसयू शेयरों में मजबूती के दम पर बाजार ने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन वैश्विक अनिश्चितताओं और मुनाफावसूली के चलते अंत में मिश्रित रुख के साथ कारोबार बंद हुआ. BSE Sensex 27.46 अंक गिरकर 82,248.61 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं Nifty 50 14.05 अंक की हल्की बढ़त के साथ 25,496.55 पर बंद हुआ.
बाजार पर हावी वैश्विक अनिश्चितता
अमेरिका-चीन व्यापार तनाव और भू-राजनीतिक जोखिमों ने निवेशकों की धारणा को प्रभावित किया. शुरुआती तेजी के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तर पर मुनाफा वसूला. आईटी और बैंकिंग शेयरों में शुरुआती खरीदारी रही, लेकिन व्यापक बाजार में दबाव बना रहा. विश्लेषकों का मानना है कि जब तक वैश्विक स्तर पर स्पष्ट संकेत नहीं मिलते, तब तक बाजार सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार कर सकता है.
घरेलू शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच सेंसेक्स की चुनिंदा कंपनियों में बिकवाली और खरीदारी दोनों देखने को मिली. गिरावट वाले शेयर एचडीएफसी बैंक, Power Grid Corporation of India, एशियन पेंट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी लिमिटेड और Axis Bank के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही. बढ़त वाले शेयर वहीं दूसरी ओर भारत इलैक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज, अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन, मारुति सुजुकी और Bharti Airtel में खरीदारी देखी गई.
बाजार में सतर्कता क्यों?
विश्लेषकों के अनुसार, United States–Iran परमाणु वार्ता से पहले निवेशकों ने सतर्क रुख अपनाया. साथ ही, अमेरिका में बेरोजगारी दावों के आंकड़े और भारत की जीडीपी वृद्धि दर के आंकड़ों के इंतजार में मुनाफावसूली भी हुई. Geojit Investments Limited के रिसर्च चीफ विनोद नायर का कहना है कि वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के कारण निवेशक सतर्क रहे. संस्थागत निवेशकों की गतिविधि विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 2,991.64 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 5,118.57 करोड़ रुपये की लिवाली की.
वैश्विक बाजारों का हाल
एशिया में KOSPI और Nikkei 225 बढ़त में रहे, जबकि Shanghai Composite और Hang Seng Index गिरावट में बंद हुए. यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में ज्यादातर मजबूती में थे, जबकि अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए थे. इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल मानक Brent Crude 0.95% गिरकर 70.18 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया. एक दिन पहले BSE Sensex 50.15 अंक चढ़कर 82,276.07 और Nifty 50 57.85 अंक की बढ़त के साथ 25,482.50 पर बंद हुआ था.

