होली की आहट के साथ ही राजधानी के बाजारों में रंग, रौनक और रफ्तार तीनों बढ़ने लगते हैं. गलियों से लेकर मॉल तक हर जगह खरीदारी का उत्साह साफ नजर आता है. अगर आप इस बार कम बजट में बेहतरीन और ऑर्गेनिक सामान खरीदने की सोच रहे हैं, तो दिल्ली के कुछ खास बाजार आपकी तैयारी को आसान बना सकते हैं.
चांदनी चौक: मिठाइयों से एथनिक वियर तक, हर चीज एक ही जगह
पुरानी दिल्ली का यह ऐतिहासिक बाजार त्योहारों के मौसम में खास तौर पर जीवंत हो उठता है. होली के लिए पारंपरिक गुजिया, नमकीन और ठंडाई की सामग्री यहां की पहचान हैं. इसके अलावा किफायती दामों में कुर्ते, साड़ियां और अन्य एथनिक परिधान आसानी से मिल जाते हैं. सजावटी सामान और हर्बल गुलाल की दुकानों पर भी अच्छी-खासी भीड़ रहती है.
पालिका बाजार और कनॉट प्लेस: होली पार्टी के लिए ट्रेंडी और मॉडर्न कलेक्शन
अगर आप होली सेलिब्रेशन में स्टाइल का तड़का लगाना चाहते हैं, तो यह इलाका आपके लिए परफेक्ट है. यहां सफेद कुर्तों से लेकर रंगीन गॉगल्स और पार्टी एक्सेसरीज तक सब कुछ मिल जाता है. वॉटरप्रूफ मोबाइल कवर और पोर्टेबल स्पीकर्स जैसी चीजें भी आसानी से उपलब्ध हैं. वहीं, ब्रांडेड शोरूम्स में जाकर प्रीमियम शॉपिंग का विकल्प भी मौजूद है.
लाजपत नगर और सरोजिनी नगर: कम कीमत में फैशन का पूरा पैकेज
युवा वर्ग और कॉलेज स्टूडेंट्स के बीच ये दोनों बाजार काफी लोकप्रिय हैं. यहां बजट फ्रेंडली दामों में ट्रेंडी कपड़े, स्कार्फ, फुटवियर और एक्सेसरीज मिलती हैं. होली के मौके पर सफेद और चमकीले रंगों के आउटफिट्स की खास डिमांड रहती है. मोलभाव करने की गुंजाइश भी इन बाजारों की बड़ी खासियत है.
करोल बाग: गिफ्ट हैम्पर और कस्टम पैक के लिए भरोसेमंद ठिकाना
अगर आप रिश्तेदारों या दोस्तों के लिए खास होली गिफ्ट तैयार करना चाहते हैं, तो यह बाजार शानदार विकल्प देता है. यहां ड्राई फ्रूट्स, चॉकलेट, गुलाल और मिठाइयों के रेडीमेड हैम्पर्स मिलते हैं. अलग-अलग बजट के अनुसार पैक तैयार करवाए जा सकते हैं. कई दुकानदार कस्टमाइजेशन की सुविधा भी देते हैं.
पश्चिमी दिल्ली का बहुचर्चित तिलक नगर मुख्य ओल्ड मार्केट होली पर गुलजार
पश्चिमी दिल्ली का मुख्य ओल्ड तिलक नगर मार्केट काफी बहुचर्चित है. इस मार्केट के आसपास मुख्यतः रिहायशी पंजाबी समाज का है, इसके साथ साथ पूर्वांचली समाज के भी लोग रहते हैं. इस मार्केट में कपड़े से लेकर गिफ्ट, खिलौना, जूते चप्पल समेत हर प्रकार के खाने की चीजों के साथ साथ विभिन्न प्रकार के मिठाइयों के साथ घर के साज सजावट समेत हर जरूरत की समाने उपलब्ध है. यहां होली पर विशेष डिस्काउंट और इससे जुड़ी अत्याधुनिक पिचकारी, ऑर्गेनिक गुलाल और कलर विशेष तौर पर बिकती हुई नजर आती हैं.
ये भी पढ़ें: बरसाने में दोस्तों संग खेलने जा रहे हैं होली, लड़कियां जरूर ध्यान रखें यह बात

