सड़क पर ट्रैफिक, हॉर्न, धूप और बीच चौराहे पर अचानक शुरू हो जाए एक्शन सीन, तो समझ लीजिए कि किसी फिल्म की शूटिंग नहीं बल्कि सोशल मीडिया का नया वायरल वीडियो बन रहा है. इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसा ही क्लिप तहलका मचा रहा है, जिसमें तीन से चार पुलिसकर्मी एक अधेड़ उम्र के शख्स से बीच सड़क पर उलझते नजर आ रहे हैं. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब यह शख्स अचानक ऐसी ताकत दिखाता है कि देखने वाले दंग रह जाते हैं. लोग इस वीडियो को देखकर कह रहे हैं कि अंकल में तो गजब की पावर है.
अधेड़ शख्स और पुलिसकर्मी के बीच हुई हाथापाई
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शहर की एक व्यस्त सड़क पर कुछ पुलिसकर्मी एक आदमी को रोकते हैं. शुरुआत में बहस होती दिखाई देती है. फिर देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है. वीडियो में साफ नजर आता है कि एक पुलिसकर्मी उस शख्स को पकड़ने की कोशिश करता है. इसी दौरान शख्स अचानक पलटकर एक पुलिस वाले को जोरदार थप्पड़ जड़ देता है. आसपास खड़े लोग हक्के बक्के रह जाते हैं.
शख्स ने मारा मुक्का और पुलिस वाला जमीन पर हुआ ढेर
इसके बाद माहौल और गरमा जाता है. पुलिसकर्मी उसे काबू में करने की कोशिश करते हैं और कथित तौर पर लात घूंसे चलने लगते हैं. लेकिन कहानी यहां खत्म नहीं होती. वीडियो में दिखता है कि अधेड़ उम्र का यह शख्स अचानक गुस्से में और भी ज्यादा आक्रामक हो जाता है. वह एक पुलिसकर्मी को जोर मुक्का मारता है और पुलिस वाला सड़क पर गिर जाता है. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी चौंक जाते हैं.
यूजर्स ने लिए मजे
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. कुछ यूजर्स इसे एक्शन फिल्म का लाइव सीन बता रहे हैं तो कुछ मजाक में लिख रहे हैं कि अंकल ने जिम छोड़कर सीधे सड़क पर फिटनेस टेस्ट दे दिया. कई लोग यह भी कह रहे हैं कि मामला क्या था, यह जाने बिना कुछ कहना मुश्किल है. तो वहीं कुछ यूजर्स पुलिस वालों पर ही शख्स को परेशान करने का आरोप लगा रहे हैं. वीडियो को casanova_anurag नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है.

