What To Apply On Face Before Playing Holi: होली रंग, मस्ती और शोर-शराबे का त्योहार है. लेकिन सच यह भी है कि जितना हम इसे एंजॉय करते हैं, उतनी खुशी हमारी त्वचा और बालों को नहीं मिलती. जश्न खत्म होते ही कई लोगों को रूखापन, खुजली, रैशेज, बेजान बाल और जिद्दी रंग के दाग जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, जो कई दिनों तक बने रहते हैं. असल में नुकसान रंग खेलने के दौरान नहीं, बल्कि उससे पहले शुरू हो जाता है, जब हम बिना तैयारी के बाहर निकल जाते हैं.
केमिकल वाले रंग, तेज धूप और बाद में बार-बार धोना, त्वचा और बालों की प्राकृतिक नमी छीन लेते हैं. इसलिए थोड़ी सी समझदारी आपको बाद की परेशानी से बचा सकती है. टाटा की हेल्थ बेवसाइट टाटा 1mg की रिपोर्ट के अनुसार, इसके लिए आप ऐसी तैयारी कर सकते हैं.
बालों में अच्छी तरह तेल लगाएं
सूखे बालों में रंग जल्दी चिपकते हैं और बाद में निकलना मुश्किल हो जाता है. घर से निकलने से कुछ घंटे पहले नारियल, बादाम या सरसों के तेल से सिर और बालों की अच्छी तरह मसाज करें. जड़ों से लेकर सिरों तक तेल लगाएं. इसके बाद बालों को चोटी या जूड़े में बांध लें, ताकि नुकसान कम हो.
मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं
होली के दिन सामान्य से ज्यादा मॉइश्चराइजर लगाएं. रंग त्वचा की नमी सोख लेते हैं, जिससे जलन और दाग की समस्या बढ़ती है. चेहरे, गर्दन, हाथ-पैर और कानों के पीछे भी अच्छी परत लगाएं. चाहें तो ऊपर से थोड़ा सा नारियल या ऑलिव ऑयल लगाकर नमी को लॉक कर सकते हैं.
सनस्क्रीन लगाना न भूलें
होली ज्यादातर बाहर खेली जाती है. कम से कम SPF 30 वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन 20 मिनट पहले लगाएं. चेहरा, गर्दन, हाथ, पैर, कुछ भी न छोड़ें. ज्यादा देर खेलने पर दोबारा लगाना भी जरूरी है.
इसे भी पढ़ें- Sarcopenia Symptoms: 30 के बाद गायब हो रही हैं आपकी मांसपेशियां, जानें क्या है ‘सारकोपेनिया’ और कैसे इसे रोकें?
होंठ, नाखून और आंखों की सुरक्षा
होंठों पर मोटी परत में लिप बाम या थोड़ा सा घी लगाएं. नाखूनों पर नेल पॉलिश लगा लें, ताकि रंग अंदर न जाए. क्यूटिकल्स पर भी तेल या क्रीम लगा लें. आंखों के लिए लेंस से बचें और सनग्लासेस पहनें.
सही कपड़े चुनें
सबसे जरूरी जो चीज है, वह है कि आप सही कपड़ों का चुनाव कैसे करते हैं. इसके लिए फुल स्लीव्स कॉटन कपड़े बेहतर रहते हैं. ढीले कपड़े पहनें, ताकि रंग स्किन से ज्यादा रगड़ न खाएं. चाहें तो स्कार्फ या कैप से बाल ढंक सकते हैं. इसके अलावा होली से एक रात पहले हल्का स्क्रब करें, ताकि डेड स्किन हट जाए, इसके बाद मॉइश्चराइजर या दही-शहद का पैक लगाएं. वैक्सिंग या शेविंग ठीक पहले न करें. और सबसे जरूरी चीज पर्याप्त पानी पिएं.
इसे भी पढ़ें- When To Replace Bath Towels: कितने दिन में बदल देना चाहिए अपना तौलिया, क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.

