यूपीएससी सीएसई 2025 के नतीजों का ऐलान हो गया है. इस एग्जाम में 958 कैंडिडेट्स को सफलता भी मिली, जिसमें मध्य प्रदेश के सतना जिले की बेटी भूमिका जैन ने यूपीएससी क्लियर करने के बेहद आसान तरीके बताए. आइए जानते हैं कि भूमिका को कैसे मिली यह कामयाबी?
कौन-सी सर्विस में भूमिका को मिलेगी पोस्टिंग?
बता दें कि भूमिका जैन ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में 331वीं रैंक हासिल की है. ऐसे में भूमिका को भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में नौकरी मिलेगी, जो बेहद सम्मानित सर्विस है. सतना शहर में रहने वाली भूमिका के पिता मनोज जैन कपड़ा व्यापारी हैं, जबकि मां सृष्टि जैन हाउसवाइफ हैं. दोस्त, रिश्तेदार और पूरे शहर के लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं. काफी लोगों का कहना है कि भूमिका की कामयाबी से सतना के युवाओं को प्रेरणा मिली है.
कोचिंग-वोचिंग कुछ नहीं
भूमिका ने बताया कि उन्हें यह कामयाबी तीसरे प्रयास में मिली है. पहली बार उन्होंने कोचिंग ली थी, लेकिन अगले दो प्रयासों में उन्होंने सेल्फ स्टडी पर जोर दिया. बेसिक समझ को बेहतर करने के लिए उन्होंने कुछ वक्त दिल्ली में बिताया. इसके बाद उन्होंने घर पर ही तैयारी की. वह रोजान 9 से 10 घंटे पढ़ती थीं. कभी-कभी 12 घंटे तक भी पढ़ाई चलती थी. भूमिका का कहना है कि काम कोई भी हो, उसमें नियमितता सबसे जरूरी है. अगर रोज थोड़ी-थोड़ी, लेकिन लगातार पढ़ाई करें तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है.
तैयारी के लिए दिए ये खास टिप्स
भूमिका ने बताया कि तैयारी के दौरान उन्होंने न तो सोशल मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाई और न ही परिवार से अलगाव रखा. वह कहती हैं कि बैलेंस्ड लाइफ बेहद जरूरी है. पढ़ाई के साथ परिवार के साथ समय बिताना, दोस्तों से बात करना और सकारात्मक माहौल बनाए रखना भी सफलता की कुंजी है. वह मानती हैं कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत लगातार हो तो कोई भी मुश्किल आसान हो जाती है.
किसे दिया सफलता का श्रेय?
भूमिका ने अपनी सफलता का श्रेय सबसे पहले अपने माता-पिता को दिया. उन्होंने कहा कि मम्मी-पापा का पूरा साथ और परिवार का सहयोग मिला, तभी यह मुकाम हासिल हुआ. वे घर से पढ़ाई करती रहीं और परिवार की जिम्मेदारियां भी निभाती रहीं. इससे उन्हें मानसिक ताकत मिली.
कौन है यूपीएससी का टॉपर?
बता दें कि यूपीएससी सीएसई 2025 का रिजल्ट शुक्रवार (06 मार्च) को जारी किया गया. इसमें राजस्थान के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया है, जबकि दूसरे नंबर पर चेन्नई की राजेश्वरी सुवे एम रहीं.
ये भी पढ़ें: कितनी मुश्किल है IAS बनने वाले कैंडिडेट्स को मिलने वाली LBSNAA ट्रेनिंग? इसके बारे में जानें सबकुछ
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
Input By : नजीम सौदागर
