TVS Ntorq सीरीज भारत के स्पोर्टी स्कूटर सेगमेंट में हमेशा से एक बेंचमार्क रही है. हाल ही में इस लाइनअप में शामिल हुआ TVS Ntorq 150 उन राइडर्स के लिए तैयार किया गया है, जो 125cc की लिमिट को पार कर ज्यादा पावर और मॉडर्न तकनीक की तलाश में हैं. लगभग पिछले 20 दिनों से मैं इस स्पोर्टी लुक वाले स्कूटर को चला रहा हूं.
इस दौरान मैंने 300 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय की है. मैंने नोएडा में शहर के ट्रैफिक, कुछ हाईवे रन और रोजमर्रा की सड़कों पर इसे टेस्ट किया है. 150 सीसी सेगमेंट में ये स्कूटर स्पोर्टी लुक, पावरफुल इंजन और मॉडर्न फीचर्स के साथ आता है, जो इसे युवा राइडर्स के लिए आकर्षक विकल्प बनाता है. अपने इस शॉर्ट टर्म रिव्यू में मुझे क्या लगा? ये स्कूटर किन मामलों में अच्छा है और किन मामलों में सुधार की जरूरत है? आइए जानते हैं.
डिजाइन
एनटॉर्क 150 का लुक काफी एग्रेसिव और स्पोर्टी है. स्टेल्थ एयरक्राफ्ट इंस्पायर्ड डिजाइन, क्वाड प्रोजेक्टर एलईडी हेडलैंप्स, टी-शेप्ड टेल लैंप्स और नेकेड हैंडलबार इसे आकर्षक बनाते हैं. बॉडी लाइन्स शार्प हैं और चार कलर ऑप्शन्स (जैसे नीट्रो ग्रीन) उपलब्ध हैं. 12 इंच के अलॉय व्हील्स और 115 किलो वजन इसे लाइट और हैंडी रखते हैं. हालांकि, कुछ प्लास्टिक पार्ट्स की फिनिशिंग मुझे काफी एवरेज लगी. कुल मिलाकर ये युवाओं को टारगेट करता है और इसकी रोड प्रजेंस अच्छी है.
फीचर्स
ये फीचर्स से भरपूर है. स्मार्टएक्सकनेक्ट ब्लूटूथ सिस्टम (TFT डिस्प्ले वाले वेरिएंट में) के साथ नेविगेशन, कॉल/एसएमएस अलर्ट, राइड एनालिटिक्स और वॉइस असिस्ट मिलता है. इसमें दो राइडिंग मोड्स- स्ट्रीट और रेस हैं, जो थ्रॉटल रिस्पॉन्स को बदलते हैं. iGO असिस्ट टेक्नोलॉजी फास्ट एक्सेलरेशन में टॉर्क बूस्ट देती है. हेजर्ड लैंप्स, सिंगल चैनल ABS, USB चार्जर और 22 लीटर अंडरसीट स्टोरेज (हाफ-फेस हेलमेट फिट होता है, फुल-फेस मुश्किल से) जैसे फीचर्स प्रैक्टिकलिटी को बढ़ाते हैं. टॉप वेरिएंट में TFT स्क्रीन भी है, जिसको मैंने राइड किया है.
| फैक्टर | रेटिंग (5 में से) | कमेंट |
| डिजाइन | ⭐⭐⭐⭐ | एग्रेसिव और स्पोर्टी लुक, स्टेल्थ एयरक्राफ्ट से इंस्पायर्ड. |
| परफॉरमेंस | ⭐⭐⭐⭐⭐ | 150cc का दमदार इंजन, 0-60 km/h मात्र 6.3 सेकंड में. |
| फीचर्स | ⭐⭐⭐⭐ | TFT डिस्प्ले, ब्लूटूथ नेविगेशन, राइड मोड्स और iGO असिस्ट. |
| कम्फर्ट | ⭐⭐⭐⭐ | लाइट वेट और अच्छी हैंडलिंग, शहर के ट्रैफिक के लिए बेस्ट. |
| माइलेज | ⭐⭐⭐ | मिक्स्ड राइडिंग में 32-35 kmpl के आस-पास. |
| VFM | ⭐⭐⭐⭐ | ₹1.10 लाख की कीमत में बेहतरीन पावर और मॉडर्न तकनीक. |
इंजन स्पेसिफिकेशन
इसमें 149.7 cc क्षमता वाला सिंगल सिलिंडर, एयर-कूल्ड, 3-वॉल्व इंजन है, जो O3C टेक्नोलॉजी के साथ आता है. ये पावरट्रेन 13.2 PS की पावर और 14.2 Nm टॉर्क प्रोड्यूस करता है. ये 150 सीसी स्कूटर 0-60 km/h की रफ्तार मात्र 6.3 सेकंड में पकड़ लेता है और टॉप स्पीड 104 km/h है. फ्यूल टैंक 5.8 लीटर का है. व्हीलबेस 1285 mm, ग्राउंड क्लियरेंस 155 mm, सीट हाइट 770 mm और वजन 115 kg हैं.
- ब्रेक्स- फ्रंट में 220 mm डिस्क (ABS) और रियर में ड्रम ऑप्शन हैं.
- सस्पेंशन- फ्रंट में टेलिस्कोपिक हाइड्रॉलिक और रियर में कोइल स्प्रिंग हैं.
- टायर साइज- फ्रंट में 100/80-12 और रियर में 110/80-12 (ट्यूबलेस) हैं.
परफॉरमेंस और माइलेज
इंजन पेपी और रिफाइंड है. रेस मोड में फास्ट रिस्पॉन्स मिलता है, जबकि स्ट्रीट मोड स्मूद और इकोनॉमिकल रहता है. 300 KM की राइडिंग में इंजन कभी भी ओवरहीट नहीं हुआ और हाईवे पर 95-100 km/h की स्पीड आसानी से पकड़ लेता है. मेरी मिक्स्ड राइडिंग (शहर + हाईवे) में माइलेज 32-35 KMPL के आसपास रहा. अगर रेस मोड ज्यादा यूज करें तो माइलेज थोड़ा गिर सकता है, लेकिन ओवरऑल रनिंग कॉस्ट काफी बेहतर है.
राइडिंग एक्सपीरियंस
शहर की ट्रैफिक में ये बहुत मजेदार है. लाइट वेट, क्विक एक्सेलरेशन और अच्छी हैंडलिंग. 12 इंच व्हील्स से मैन्यूवरेबिलिटी बढ़ती है. सस्पेंशन ज्यादातर रोड्स पर ठीक काम करता है, लेकिन खराब सड़कों पर थोड़ी हार्शनेस महसूस होती है. ब्रेकिंग कॉन्फिडेंट होने के साथ ABS काफी मददगार है. 300 KM में कोई वाइब्रेशन या हीट इश्यू नहीं आया. पिलियन के साथ भी ये स्टेबल रहता है. कुल मिलाकर ये डेली 50-100 KM कम्यूट के लिए बेहतर है.
फाइनल वर्डिक्ट: TVS Ntorq 150 स्पोर्टी 150cc स्कूटर चाहने वालों के लिए अच्छा ऑप्शन है. पावर, फीचर्स, माइलेज और हैंडलिंग का बैलेंस इसे सेगमेंट में अलग बनाता है. कीमत (लगभग ₹1.09-1.18 लाख एक्स-शोरूम) को देखते हुए वैल्यू फॉर मनी लगता है. हालांकि, अगर आपको ज्यादा स्टोरेज, सॉफ्टर राइड या 14 इंच व्हील्स चाहिए, तो ये आपको पूरी तरह सूट नहीं करेगा. 300 KM राइडिंग के आधार पर मैं ये कह सकता हूं कि अगर आप परफॉर्मेंस और टेक पसंद करते हैं, तो इसे ट्राई जरूर करें. मेरी तरफ से इसे 8/10 का स्कोर है.