WhatsApp का नया धमाका! मिलने वाला है Facebook Messenger जैसा नया फीचर, चैट करना होगा और भी आसान


Show Quick Read

Key points generated by AI, verified by newsroom

  • यह फीचर Android 10+ पर काम करेगा, बीटा में जल्द आएगा।

Whatsapp New Feature: WhatsApp एक नए फीचर पर काम कर रहा है जो यूजर्स के चैट करने के तरीके को काफी बदल सकता है. खबरों के मुताबिक, कंपनी Android यूजर्स के लिए नोटिफिकेशन बबल्स का सपोर्ट टेस्ट कर रही है. अगर आपने Facebook Messenger इस्तेमाल किया है तो आपको इसका अंदाजा होगा—यह फीचर चैट को स्क्रीन पर फ्लोटिंग आइकन के रूप में दिखाता है जिससे बिना ऐप खोले भी बातचीत जारी रखी जा सकती है. फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट स्टेज में है और अभी बीटा यूजर्स के लिए भी उपलब्ध नहीं हुआ है.

क्या है नोटिफिकेशन बबल्स का मकसद?

इस नए फीचर का मुख्य उद्देश्य चैटिंग को ज्यादा आसान और तेज बनाना है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह सिस्टम Android नोटिफिकेशन के साथ मिलकर काम करेगा जिससे यूजर्स किसी भी दूसरे ऐप का इस्तेमाल करते हुए मैसेज पढ़ और जवाब दे सकेंगे. यानी अब हर बार WhatsApp खोलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मल्टीटास्किंग का अनुभव बेहतर होगा.

ऐप के डिजाइन में भी बड़ा बदलाव

WhatsApp सिर्फ बबल्स ही नहीं बल्कि अपने इंटरफेस में भी बदलाव की तैयारी कर रहा है. खबर है कि कंपनी ऐप के टॉप बार को नया लुक देने वाली है. इसमें ऐप का नाम हटाकर उसकी जगह ऑफिशियल लोगो दिखाया जा सकता है. यह बदलाव खास माना जा रहा है क्योंकि 2013 के बाद से ऐप का डिजाइन काफी हद तक एक जैसा ही रहा है. इसके अलावा, टॉप बार में स्टेटस अपडेट जैसे नए एलिमेंट्स के लिए भी जगह बनाई जा सकती है.

कैसे काम करेंगे ये फ्लोटिंग बबल्स

नोटिफिकेशन बबल्स आने के बाद जब भी कोई नया मैसेज आएगा, स्क्रीन पर एक छोटा फ्लोटिंग आइकन दिखाई देगा. इसमें उस कॉन्टैक्ट या ग्रुप की प्रोफाइल फोटो के साथ WhatsApp का सिंबल होगा. इस बबल पर टैप करते ही एक छोटा चैट विंडो खुल जाएगा जहां आप तुरंत मैसेज पढ़ और जवाब दे सकते हैं वो भी बिना ऐप पूरी तरह खोले.

यह फीचर खासकर उन लोगों के लिए काम का साबित हो सकता है जो वीडियो देखते हुए या सोशल मीडिया स्क्रॉल करते हुए भी चैट करना चाहते हैं. हालांकि, कुछ यूजर्स को यह फीचर थोड़ा परेशान करने वाला भी लग सकता है. अच्छी बात यह है कि इसे जरूरत के हिसाब से ऑन या ऑफ किया जा सकेगा.

किन डिवाइस पर मिलेगा सपोर्ट?

यह फीचर Android 10 और उससे ऊपर के वर्जन पर काम करेगा लेकिन Android 11 या नए वर्जन में इसका प्रदर्शन ज्यादा बेहतर रहने की उम्मीद है. इसके लिए यूजर्स को अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर इसे मैन्युअली इनेबल करना पड़ सकता है.

कब तक आएगा यह फीचर?

फिलहाल यह फीचर अभी पूरी तरह तैयार नहीं है और इसे लगातार बेहतर बनाया जा रहा है. उम्मीद है कि सबसे पहले इसे कुछ चुनिंदा बीटा यूजर्स के लिए जारी किया जाएगा उसके बाद सभी के लिए रोलआउट किया जाएगा. WhatsApp अपने प्लेटफॉर्म को और ज्यादा स्मार्ट और यूजर-फ्रेंडली बनाने की दिशा में लगातार नए बदलाव कर रहा है.

यह भी पढ़ें: क्या जानबूझकर जल्दी खराब किए जाते हैं स्मार्टफोन? EU की जांच में हो गया हैरान करने वाला खुलासा



Source link