- जामनगर में भारत का सॉवरेन एआई बैकबोन बनेगा, घोषणा हुई।
- कंटेंट निर्माण हेतु जियो ने जेनएआई मीडिया स्टूडियो प्रस्तुत किया।
- एआई-पावर्ड कॉल एजेंट और टेलीफ्रेम भारतीय भाषाओं में उपलब्ध होंगे।
- सैटेलाइट इंटरनेट, जियोहॉटस्टार मल्टी-फ्रेम व्यूइंग जैसे फीचर भी आए।
Reliance AGM Tech Announcement: रिलायंस की 49वीं एनुअल जनरल मीटिंग में कंपनी ने कई बड़े ऐलान किए. इनमें टेक से जुड़ी कुछ बड़ी घोषणाएं भी शामिल हैं. हर इवेंट की तरह इसमें भी एआई पर खास फोकस रहा. रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत को बाहर बने एआई का केवल उपभोक्ता नहीं बने रहना चाहिए. भारत को एआई निर्माता और ग्लोबल लीडर बनना चाहिए. अगर इस इवेंट की बड़ी घोषणाओं पर नजर डालें तो रिलायंस की मीडिया और एंटरटेनमेंट डिवीजन JioStar ने एक नए जेनएआई स्टूडियो का ऐलान किया है. इसके अलावा एआई पावर्ड कॉल एजेंट, सैटेलाइट इंटरनेट और भारत के लोगों के लिए भारत की भाषा में एआई पर काम करने की अनाउंसमेंट भी की है. आइए इस मीटिंग में हुए बड़ी टेक अनाउंस्मेंट पर एक नजर डालते हैं.
जामनगर में बन रहा भारत का एआई बैकबोन- जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने बताया कि रिलायंस इंटेलीजेंस जामनगर में भारत का सॉवरेन एआई बैकबोन बना रहा है. यह इंफ्रास्ट्रक्चर रिलायंस की अपनी सोलर एनर्जी से ऑपरेट होगा और इसकी पहली 120 मेगावाट क्षमता इस साल के अंत तक शुरू करने की योजना है. पूरी तरह चालू होने पर यह क्षमता दो लाख से अधिक H100-इक्विवेलेंट जीपीयू तक बढ़ सकती है.
कंटेट प्रोडक्शन के लिए एआई स्टूडियो- रिलायंस AGM में कंपनी ने जियोस्टार जेनएआई मीडिया स्टूडियो (JAMS) को रिवील किया है. यह एक एआई पावर्ड प्लेटफॉर्म है, जो कंटेट प्रोडक्शन में आइडिएशन से लेकर इमेज, वीडियो और फाइनल प्रोडक्शन तक पूरा काम कर सकेगा. इसे अनाउंस करते हुए जियो के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कहा कि यह नई जनेरशन के कंटेट टेक्नोलॉजिस्ट को नर्चर करने के लिए लाया गया है, जो स्टोरीटेलिंग को एआई के साथ मिलाकर प्रीमियम कंटेट प्रोड्यूस करना चाहते हैं.
एआई एजेंट के लिए नया प्लेटफॉर्म- रिलायंस ने नए Jio Teleframe को भी पेश किया है. यह वॉइस-फर्स्ट एजेंटिक एआई सिस्टम है, जो घर में एंटरटेनमेंट, शॉपिंग और कनेक्टेड होम डिवाइसेस के लिए यूज होने वाले एजेंट को कंट्रोल करने के लिए एक हब के तौर पर काम करेगा. इसे हर भारतीय भाषा में एक्सेस किया जा सकता है.
एआई पावर्ड कॉल एजेंट- आकाश अंबानी ने एआई पावर्ड कॉल एजेंट का भी ऐलान किया है. यह एक नेटिव वॉइस असिस्टेंट है, जिसे जियो नेटवर्क में इंटीग्रेट किया जाएगा. इसके लिए किसी ऐप या अलग से फोन नंबर की जरूरत नहीं पडे़गी और यह भी सभी भारतीय भाषाओं में काम करेगा. यूजर की परमिशन मिलने पर यह कॉल ज्वॉइन कर रियल टाइम में उसे ट्रांसक्राइब कर पाएगा. कॉन्फ्रेंस कॉल में यह 10 स्पीकर को पहचान सकेगा और कॉल में भाग लेने वाले बाकी लोगों के साथ भी मीटिंग के नोट्स शेयर कर सकेगा. बाकी खूबियों की बात करें तो यह कॉल अटेंड करते करते हुए कैब बुकिंग, फूड ऑर्डर, टेबल रिजर्वेशन और मीटिंग शेड्यूल करने जैसे काम भी कर पाएगा. यह फीचर इस साल के आखिर तक रोल आउट किया जा सकता है.
एआई को एक्सेसिबल बनाने की कोशिश- आकाश अंबानी ने यह भी कहा कि जियो भारतीय भाषाओं में एआई को तैयार कर रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे यूज कर पाएं. उन्होंने कहा कि रिलायंस भारत के लिए एआई बना रही है, जो एक दिन पूरी दुनिया की सेवा करेगी. साथ ही इस दशक के अंत तक एआई को किफायती बनाने पर भी काम चल रहा है.
छात्रों से लेकर किसानों तक, हर किसी के लिए एआई- रिलायंस इंटेलिजेंस 22 भारतीय भाषाओं में भरोसेमंद, किफायती और अलग-अलग भाषाओं में एआई सेवाएं देने की तैयारी कर रही है, इनमें जियोभारतआईक्यू, एआई व्यापार, जियोहेल्थआईक्यू, जियोलर्नआईक्यू और जियोकृषिआईक्यू जैसी सेवाएं शामिल होंगी. इन्हें किसानों, छात्रों, दुकानदारों, परिवारों और छोटे कारोबारियों के लिए एआई को उपयोगी बनाने के लिए लाया जा रहा है.
सैटेलाइट इंटरनेट पर भी है नजर
सैटेलाइट इंटरनेट पर भी जियो की नजर है और कंपनी इसे ग्रोथ के अगले पड़ाव के तौर पर देख रही है. मुकेश अंबानी ने अपने संबोधन में कहा कि जियो सैटेलाइट कनेक्टिविटी की संभावनाएं तलाश रही हैं. जियो ने भारत को ग्राउंड पर कनेक्ट किया है. अब यह तैयारी चल रही है कि भारत को आसमान से कैसे कनेक्ट किया जा सकता है.
जियोहॉटस्टार पर आएगा मल्टी-फ्रेम व्यूइंग का फीचर
AGM में जियोहॉटस्टार पर मल्टी-फ्रेम व्यूइंग के फीचर का भी ऐलान किया गया है. इसकी मदद से यूजर एक साथ चार अलग-अलग शोज या स्ट्रीम्स देख पाएंगे. यानी क्रिकेट मैच का मजा लेते-लेते यूजर गाने भी सुन पाएंगे और न्यूज चैनल पर अपडेट भी ले सकेंगे. एक साथ अलग-अलग फ्रेम में देखते हुए आप अपनी मर्जी से किसी भी फ्रेम का ऑडियो चुन पाएंगे. अगर जियोहॉस्टार के मंथली एक्टिव यूजर्स की बात करें तो इनकी संख्या 45 करोड़ से पार हो गई है, जबकि शॉर्ट-वीडियो प्लेटफॉर्म तड़का भी दो महीने के भीतर 10 करोड़ से ज्यादा दर्शक जुटा चुका है.
ये भी पढ़ें-
Mobile Data vs Wi-Fi: आपके फोन की बैटरी का सबसे बड़ा दुश्मन कौन? यहां जानें