मशहूर ऑटोमोबाइल कंपनियां अक्सर अपने शॉर्ट नेम्स (Short Names) से जानी जाती हैं, जिससे ग्राहकों की जुबान पर ये आसानी से चढ़ जाते हैं. भारतीय और वैश्विक ऑटोमोबाइल बाजार में राज करने वाली तीन बड़ी कंपनियां- BMW, TVS और MG भी इसी रणनीति का हिस्सा हैं. सड़क पर सरपट दौड़ती इन कंपनियों की गाड़ियों को हम रोजाना देखते हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इन छोटे नामों के पीछे एक लंबा और बेहद दिलचस्प इतिहास छिपा है.
उदाहरण के लिए, जर्मनी की लक्जरी कार निर्माता कंपनी BMW का पूरा नाम उसके मूल क्षेत्र को दर्शाता है, जबकि भारत की जानी-मानी टू-व्हीलर कंपनी TVS का नाम उसके फाउंडर के नाम पर आधारित है. वहीं, ब्रिटिश मूल की और अब वैश्विक पहचान बना चुकी MG का नाम उसके शुरुआती दौर की एक गैरेज वर्कशॉप से जुड़ा है. आइए इन दिग्गज कंपनियों के पूरे नाम और उनके सफर को करीब से जानते हैं.
BMW (बावेरियन मोटर वर्क्स)
लक्जरी कारों और स्पोर्ट्स बाइक्स के लिए दुनिया भर में मशहूर जर्मनी की इस कंपनी का पूरा नाम Bayerische Motoren Werke है, जिसे अंग्रेजी में Bavarian Motor Works (बावेरियन मोटर वर्क्स) कहा जाता है. इसकी शुरुआत साल 1916 में हुई थी और शुरुआत में ये कंपनी विमानों के इंजन (Aircraft Engines) बनाती थी.
प्रथम विश्व युद्ध के बाद कंपनी ने मोटरसाइकिल और फिर कारों का निर्माण शुरू किया. ‘बावेरियन’ शब्द जर्मनी के बावरिया राज्य से लिया गया है, जहां इसका हेडक्वार्टर (म्यूनिख में) है. आज BMW अपनी बेहतरीन इंजीनियरिंग, रफ्तार और प्रीमियम ड्राइविंग एक्सपीरिएंस के लिए दुनिया भर के ऑटोमोबाइल शौकीनों की पहली पसंद बनी हुई है.
TVS (टीवी सुंदरम आयंगर एंड संस)
भारत की दिग्गज टू-व्हीलर निर्माता कंपनी TVS का पूरा नाम इसके संस्थापक के नाम पर रखा गया है, जो T. V. Sundram Iyengar & Sons (टीवी सुंदरम आयंगर एंड संस) है. थिरुकुरंगुडी वेंगराम सुंदरम आयंगर ने साल 1911 में मदुरै में मद्रास की पहली बस सेवा के साथ इस व्यवसाय की नींव रखी थी.
शुरुआत में ये कंपनी परिवहन और ऑटोमोबाइल डिस्ट्रीब्यूशन का काम करती थी, लेकिन बाद में इसने खुद वाहन बनाना शुरू किया. आज TVS मोटर कंपनी भारत की तीसरी सबसे बड़ी टू-व्हीलर कंपनी है, जो मोपेड से लेकर अपाचे जैसी बेहतरीन स्पोर्ट्स बाइक्स और मॉडर्न इलेक्ट्रिक स्कूटर्स को मैन्युफैक्चर करके ग्लोबल पर अपनी पहचान बना चुकी है.
MG (मॉरिस गैरेजेस)
भारतीय बाजार में हेक्टर (Hector) और कॉमेट (Comet) जैसी गाड़ियों से धूम मचाने वाली MG का पूरा नाम Morris Garages (मॉरिस गैरेजेस) है. इस ब्रिटिश कार ब्रांड की शुरुआत साल 1924 में सेसिल किम्बर द्वारा ऑक्सफोर्ड में की गई थी. दरअसल, ये नाम इसके मालिक विलियम मॉरिस के ‘मॉरिस गैरेजेस’ नाम के सेल्स और सर्विस सेंटर से इंस्पायर्ड था, जहां उन्होंने कारों को मॉडिफाई करना शुरू किया था.
अपनी टू-डोर स्पोर्ट्स कारों के लिए मशहूर रही ये कंपनी समय के साथ कई बदलावों से गुजरी. वर्तमान में इसका स्वामित्व चीनी ऑटोमोटिव दिग्गज SAIC मोटर के पास है, जो इसे मॉडर्न तकनीक और खास तौर पर इलेक्ट्रिक वाहनों के क्षेत्र में आगे बढ़ा रही है.