Skoda ने अपनी मिड-साइज सेडान स्लाविया का फेसलिफ्ट वर्जन भारत में पेश कर दिया है. इस अपडेटेड मॉडल में डिजाइन, फीचर्स और ट्रांसमिशन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. कंपनी ने कीमतों का ऐलान अभी नहीं किया है, लेकिन बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. स्लाविया फेसलिफ्ट की बुकिंग स्कोडा डीलरशिप और आधिकारिक वेबसाइट पर खुली है. बुकिंग अमाउंट 15,000 रुपये रखा गया है. कीमतों का खुलासा अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने की उम्मीद है, जबकि डिलीवरी फेस्टिव सीजन के दौरान शुरू होंगी.
पुरानी स्लाविया 10 लाख से 18.19 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच उपलब्ध थी और नए वर्जन में कुछ प्रीमियम बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. ये सेडान Classic, Classic Plus, Signature, Sportline, Prestige और Monte Carlo वेरिएंट्स में उपलब्ध रहेगी. आइए डिजाइन अपडेट से लेकर इंजन और परफॉर्मेंस तक की डिटेल पर एक नज़र डालते हैं.
नई स्लाविया का डिज़ाइन काफी आकर्षक बनाया गया है. फ्रंट में रिवाइज्ड ग्रिल के साथ सेगमेंटेड LED DRL लगे हैं, जो कुशाक फेसलिफ्ट जैसे हैं. नई हेडलाइट्स और रियर में कनेक्टेड टेललाइट्स दी गई हैं, जिनके बीच सिल्वर ट्रिम और स्कोडा लेटरिंग नजर आती है. नए अलॉय व्हील्स और रिवाइज्ड बंपर से कार का लुक और मॉडर्न हो गया है. कुल 10 कलर ऑप्शन्स मिलेंगे, जिनमें शिमला ग्रीन, ब्रिलियंट सिल्वर, स्टील ग्रे, लावा ब्लू, डीप ब्लैक, चेरी रेड, कार्बन स्टील, कैंडी व्हाइट के अलावा नई आर्कटिक सिल्वर और कैपुचीनो बेज शामिल हैं.
इंटीरियर में भी अपग्रेड किए गए हैं. 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिए गए हैं. रियर सीट्स पर मसाज फंक्शन उपलब्ध है, जो इस सेगमेंट में खास फीचर है. 360 डिग्री कैमरा भी शामिल किया गया है. सिंगल-पेन सनरूफ जारी रखा गया है, जबकि पैनोरमिक सनरूफ और लेवल-2 ADAS अभी उपलब्ध नहीं हैं.
सेफ्टी फीचर्स में 360 डिग्री कैमरा के अलावा मौजूदा स्टैंडर्ड सेफ्टी इक्विपमेंट जारी रहेंगे. इंजन और परफॉरमेंस के मामले में 1.0-लीटर TSI इंजन 116 PS पावर और 178 Nm टॉर्क देता है. इसमें नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स जोड़ा गया है, जो पुराने 6-स्पीड की जगह लेता है. मैनुअल में 6-स्पीड उपलब्ध है. 1.5-लीटर TSI इंजन 150 PS और 250 Nm टॉर्क के साथ 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक विकल्पों में जारी रहेगा.
कुल मिलाकर, स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट डिजाइन, कंफर्ट और स्मूथ ड्राइविंग एक्सपीरिएंट में सुधार लेकर आई है. कीमतों का इंतजार है, लेकिन बुकिंग शुरू हो चुकी है.