
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अगर किसी फोन की स्पेसिफिकेशन में 8GB RAM लिखा है तो इसका मतलब है कि डिवाइस में करीब 8GB की फिजिकल मेमोरी मौजूद है. ये स्टोरेज से अलग होती है. RAM का इस्तेमाल फोन में चल रहे ऐप्स, सिस्टम प्रोसेस और बैकग्राउंड टास्क को अच्छे से प्रोसेस करने के लिए किया जाता है. यही वजह है कि ज्यादा RAM वाला फोन एक साथ कई ऐप्स को अच्छे से मैनेज करने में सक्षम होता है.

इसके साथ ही, फोन की RAM का एक हिस्सा Android सिस्टम, यूजर इंटरफेस, सुरक्षा फीचर्स, ड्राइवर और दूसरे जरूरी सिस्टम प्रोसेस के लिए रिजर्व रहता है. इसके अलावा ग्राफिक्स से जुड़े कुछ कामों में भी मेमोरी का इस्तेमाल होता है. इसलिए 8GB RAM वाले स्मार्टफोन को देखने पर आपको 8GB में से पूरी मेमोरी ऐप्स के लिए उपलब्ध दिखाई नहीं देती है. कितनी RAM सिस्टम इस्तेमाल कर रहा है, ये फोन के मॉडल और सॉफ्टवेयर पर निर्भर करता है.

आपको बता दें कि अगर आपके फोन में 8GB RAM है तो नॉर्मल इस्तेमाल के दौरान सिस्टम और बैकग्राउंड प्रोसेस कुछ RAM इस्तेमाल करते हैं. ऐसे में बाकी मेमोरी ऐप्स के लिए उपलब्ध रहती है. हालांकि, इसका कोई एक निश्चित नंबर नहीं होता है कि फोन कितना रैम यूज कर रहा है. अलग-अलग फोन में Android वर्जन, कंपनी का इंटरफेस, चिपसेट और बैकग्राउंड सर्विस के हिसाब से RAM का इस्तेमाल अलग होता है.

अगर फोन में इस्तेमाल होने वाली RAM ज्यादा दिखाई दे रही है तो इसका मतलब ये नहीं कि फोन खराब परफॉर्मेंस कर रहा है. Android मौजूदा RAM को खाली छोड़ने के बजाय ऐप्स और कैशिंग के लिए इस्तेमाल करता है जिससे जरूरत पड़ने पर ऐप्स तेजी से खुल सकें.

आपको बता दें कि नॉर्मल यूजर्स के लिए 8GB RAM अभी भी काफी होती है. सोशल मीडिया, YouTube, वेब ब्राउजिंग, वीडियो कॉलिंग और नॉर्मल मल्टीटास्किंग जैसे काम के लिए ये रैम काफी मानी जाती है. वहीं, अगर आप हाई-एंड गेमिंग, वीडियो एडिटिंग या एक साथ कई भारी ऐप्स इस्तेमाल करते हैं तो 12GB या उससे ज्यादा RAM वाला फोन आपके लिए बेहतर ऑप्शन साबित हो सकता है.

बताते चलें कि सिर्फ RAM देखकर फोन खरीदना सही फैसला नहीं होता है. रैम के साथ-साथ आपको प्रोसेसर, स्टोरेज की स्पीड, सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन और बैकग्राउंड ऐप मैनेजमेंट भी फोन की परफॉर्मेंस पर बड़ा असर डालते हैं. इसलिए 8GB RAM वाला अच्छी तरह ऑप्टिमाइज्ड फोन कई बार ज्यादा RAM वाले कमजोर ऑप्टिमाइजेशन वाले फोन से काफी बेहतर एक्सपीरिएंस देता है.
Published at : 23 Aug 2026 02:11 PM (IST)