अखिल विश्व गायत्री परिवार के युग प्रहरी अशोक कुमार गर्ग ने शनिवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं को राष्ट्र जागरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत देवभूमि है, जहां अवतारों, ऋषि-मुनियों और महान विभूतियों ने जन्म लेकर विश्व को दिशा दी। भारतीय संस्कृति में माता-पिता और गुरु को देवतुल्य माना गया है, इसलिए विद्यार्थियों को संस्कारवान, स्वावलंबी और गुणवान बनने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने सरोजिनी नायडू का उदाहरण देते हुए कहा कि बाल्यावस्था में भी प्रतिभा साधना से निखरती है। छात्राओं को सात्विक आहार, नियमित दिनचर्या, एकाग्रता, योग-प्राणायाम और गायत्री महामंत्र जप को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। पर्यावरण संरक्षण हेतु पेड़ लगाने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वार्डन शिवांगी द्विवेदी एवं अध्यापिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।