कुईं बाजार। सिकरीगंज पुलिस ने सोमवार को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे स्थित सिकरीगंज अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान गांजा तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान सिकरीगंज थाना क्षेत्र के नकौड़ी गांव निवासी सूरज सिंह (29) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को वांछित अभियुक्तों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पिट्ठू बैग लिए एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके बैग से गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांव के ही एक युवक के साथ नेपाल से गांजा लाता था।
इसके बाद गांजे की पुड़िया बनाकर क्षेत्र के लोगों और ट्रक चालकों को सप्लाई की जाती थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष सिकरीगंज आशीष कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी में संलिप्त था। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

