Anaya Bangar Gender Change: संजय बांगर के बेटे की तरह कैसे चेंज करा सकते हैं जेंडर, कितना पैसा होता है खर्च?

सतीश कुमार
4 Min Read

How Much Does Gender Change Surgery Cost: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी और कोच संजय बांगर के बेटे अब अपनी पहचान अनाया बांगर के रूप में जी रही हैं. अनाया, जो एक क्रिकेटर और ट्रांस राइट्स एडवोकेट हैं, मार्च में जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराने जा रही हैं. इस सर्जरी का पूरा खर्च उनके पिता संजय बांगर उठाएंगे. अनाया ने Times of India को दिए इंटरव्यू में बताया कि यह फैसला उन्होंने जल्दबाजी में नहीं लिया, बल्कि कई साल की काउंसलिंग, मेडिकल जांच और आत्ममंथन के बाद लिया है.

अनाया के मुताबिक, उनकी सर्जरी थाईलैंड के एक विशेष क्लिनिक में होगी, जहां उन्हें करीब एक महीने तक रहना पड़ेगा. इसके बाद लंबा आराम जरूरी होगा और कम से कम छह महीने तक वह क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी.

पहले विरोध, अब पूरा साथ

अनाया इससे पहले कह चुकी हैं कि एक वक्त उनके पिता ने उनसे कहा था कि क्रिकेट में उनका भविष्य नहीं है. हालांकि समय के साथ परिवार का नजरिया बदला. अनाया कहती हैं कि जब उनके माता-पिता ने देखा कि लोग उनके साथ सम्मान से पेश आ रहे हैं, उनके साथ फोटो खिंचवा रहे हैं और उन्हें स्वीकार कर रहे हैं, तब उन्हें एहसास हुआ कि यह कोई अस्थायी फैसला नहीं, बल्कि अनाया की असली पहचान है. इसके बाद माता-पिता ने उन्हें पूरा समर्थन देना शुरू किया.

हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी

नवंबर 2024 में सोशल मीडिया पर पोस्ट एक वीडियो के मुताबिक, अनाया ने 11 महीने पहले हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी शुरू की थी. उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्हें मानसिक सुकून मिला, जेंडर डिस्फोरिया कम हुआ, मांसपेशियों में बदलाव आए और शरीर में कई ऐसे परिवर्तन हुए, जो उनकी पहचान से मेल खाते हैं.

क्या होती है हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी?

स्वास्थ्य को लेकर ऑनलाइन जानकारी देने वाली वेबसाइट Mayo Clinic के अनुसार, हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी में शरीर में उन हार्मोन्स की पूर्ति की जाती है, जिनकी कमी होती है. ट्रांस महिलाओं के मामले में फेमिनाइजिंग हार्मोन थेरेपी दी जाती है, जिसमें टेस्टोस्टेरोन के असर को रोकने वाली दवाएं और एस्ट्रोजन हार्मोन शामिल होता हैय इससे शरीर में महिला हार्मोन से जुड़े सेकेंडरी बदलाव आने लगते हैं.

जेंडर चेंज या जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी क्या है?

जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी उन मेडिकल प्रक्रियाओं को कहा जाता है, जिनसे कोई व्यक्ति अपने शरीर को अपनी जेंडर पहचान के अनुरूप ढाल सकता है. जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मेडिसिन और जॉन्स हॉपकिंस अस्पताल व हेल्थ सिस्टम Johns Hopkins Medicine के मुताबिक, इन सर्जरी विकल्पों में वेजिनोप्लास्टी, फालोप्लास्टी, फेसियल जेंडर सर्जरी, वॉयस फेमिनाइजेशन, एडम्स एप्पल रिडक्शन जैसी प्रक्रियाएं शामिल हैं. अधिकतर मामलों में सर्जरी के बाद लोगों की क्वालिटी ऑफ लाइफ और मेंटल में सुधार देखा गया है.

कितना आता है जेंडर चेंज कराने का खर्च?

मेडिकल एक्सपर्ट के अनुसार, हार्मोन थेरेपी पर हर महीने हजारों रुपये खर्च हो सकते हैं. जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी का खर्च इलाज की जगह और प्रक्रिया के अनुसार बदलता है. भारत या विदेश में यह खर्च आमतौर पर 1 से 20 लाख रुपये या उससे अधिक तक हो सकता है. अलग- अलग जगह कीमत कम या ज्यादा भी हो सकती है. इसके अलावा इसमें सर्जरी, अस्पताल में रहने, दवाइयों और पोस्ट-ऑपरेशन केयर का खर्च शामिल होता है.

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.