Road Accident। बरात में शामिल होने आए एएसपी के भतीजे को गेस्ट हाउस के बाहर कानपुर-सागर हाईवे पर मौरंग से भरे ट्रक ने कुचल दिया। जिससे घटना स्थल पर ही युवक की मौत हो गई। मृतक अपने पिता की इकलौती संतान था। इस घटना की खबर जैसे ही मृतक के घर पहुंची वैसे ही खलबली मच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचा दिया है।
महोबा जनपद के सिजहरी गांव निवासी डा.विचित्र मोहन त्रिपाठी का इकलौता पुत्र 21 वर्षीय सुयज्ञ सुमेरपुर कस्बे के हरिओम गेस्ट हाउस में महोबा से आई बारात में शामिल होने आया था। लड़की वाले भी महोबा के खरेला निवासी हैं, जिन्होंने शादी समारोह का इंतजाम सुमेरपुर में किया था।
बीती रात वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान सुयज्ञगेस्ट हाउस के बाहर निकला है तभी उसे पत्योरा की ओर से आ रहे मौरंग से भरे ट्रक ने टक्कर मारकर कुचल दिया, जिससे सुयज्ञ की मौके पर ही मौत हो गई। शुक्रवार को तड़के मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक सुयज्ञ के चाचा पवित्र मोहन त्रिपाठी एएसपी हैं। इस घटना से मृतक के स्वजन बेहाल है।

