बीजिंग इंटरनेशनल ऑटोमोटिव प्रदर्शनी 2026 (Auto China) ने एक बार फिर दुनिया को अपनी तकनीकी शक्ति से रूबरू कराया है. Future of Intelligence थीम के साथ शुरू हुआ यह शो केवल कारों का मेला नहीं, बल्कि फ्यूचर मोबिलिटी का एक ब्लूप्रिंट है.
इस सालन ऑटो शो का पैमाना इतना भव्य है कि इसने 3,80,000 वर्ग मीटर के रिकॉर्ड क्षेत्र को कवर किया है और 1,450 से अधिक वाहन प्रदर्शित किए गए हैं. इलेक्ट्रिक वाहनों (EVs) से लेकर एजेंटिक एआई (Agentic AI) से लैस स्मार्ट कारों तक, बीजिंग ऑटो शो ने ये स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले समय में वाहन सिर्फ चलाने के लिए नहीं, बल्कि रहने के लिए एक ‘थर्ड लिविंग स्पेस” होंगे.
कहां हो रहा है आयोजन?
बीजिंग ऑटो शो 2026 आधिकारिक तौर पर 24 अप्रैल को शुरू हुआ और यह 3 मई 2026 तक चलेगा. ये 10 दिनों का इवेंट ऑटोमोटिव जगत के लिए एक माइलस्टोन साबित हो रहा है, जिसमें दुनिया भर के दिग्गज ब्रांड हिस्सा ले रहे हैं. ये विशाल आयोजन बीजिंग के दो प्रमुख स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जा रहा है-
1. चाइना इंटरनेशनल एग्जीबिशन सेंटर (Shunyi Hall)
2. कैपिटल इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एग्जीबिशन सेंटर
किसके लिए कब खुले हैं दरवाजे?
इस ऑटो शो में एंट्री को तीन श्रेणियों में बांटा गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और सही दर्शकों को सही अनुभव मिले-
- प्रेस डे (24-25 अप्रैल): ये दिन विशेष रूप से मीडिया और पत्रकारों के लिए रखे गए हैं, ताकि वे नई लॉन्चिंग और तकनीक की रिपोर्टिंग कर सकें.
- प्रोफेशनल डे (26-27 अप्रैल): इन दिनों में केवल इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स, इंजीनियरों और व्यापारिक प्रतिनिधियों को प्रवेश दिया जा रहा है.
- पब्लिक डे (28 अप्रैल – 3 मई): आम जनता और कार प्रेमियों के लिए शो के दरवाजे 28 अप्रैल से खुलेंगे, जहां वे अपनी पसंदीदा कारों को देख और अनुभव कर सकेंगे.
इन कंपनियों का दबदबा
इस साल के शो में 181 नए मॉडल्स का ग्लोबल डेब्यू हुआ है. इसमें से कुछ प्रमुख आकर्षण इस प्रकार हैं-
Xiaomi और Huawei: टेक दिग्गजों ने ऑटो सेक्टर में अपनी धाक जमाई है. Huawei सपोर्टेड AITO M9 का नया फेसलिफ्ट और Yijing X9 आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं. Xiaomi ने अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार SU7 का अपडेटेड वर्जन पेश किया है.
Volkswagen Group: कंपनी ने अपनी “In China, for China” रणनीति के तहत कई इलेक्ट्रिक शोकेस किए हैं, जिसमें ID. UNYX 09 और विशेष रूप से चीन के लिए बनी Audi E7X शामिल हैं
BYD: दुनिया की सबसे बड़ी EV निर्माता ने अपनी Ocean-V कॉन्सेप्ट कार और Yangwang U8L (चार सीटों वाला लग्जरी वेरिएंट) से लोगों को चौंका दिया है.
Mercedes-Benz: इलेक्ट्रिक G-Class और अपडेटेड EQS के साथ लग्जरी सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत की है.
AI और रोबोटिक्स
2026 का ये शो कारों से आगे बढ़कर तकनीक पर केंद्रित है-
- एजेंटिक एआई (Agentic AI): फॉक्सवैगन जैसी कंपनियां अब कारों में ऐसे एआई असिस्टेंट दे रही हैं जो मानवीय व्यवहार को समझते हैं. 2027 तक ये सिस्टम ड्राइविंग और कॉकपिट कंट्रोल को पूरी तरह से इंटीग्रेट कर देंगे.
- L3 ऑटोनॉमी और LiDAR: Valeo जैसी कंपनियों ने SCALA 3 Evo LiDAR पेश किया है, जो प्रति सेकंड 25 बार पर्यावरण को स्कैन कर सकता है, जिससे लेवल 3 ऑटोनॉमस ड्राइविंग और अधिक सुरक्षित हो गई है.
- ह्यूमनॉइड रोबोट्स: इस बार शो में कारों के साथ-साथ ऐसे रोबोट भी देखे गए, जो भविष्य में कार असेंबली लाइनों पर काम करेंगे, जो Embodied AI के युग की शुरुआत है.