Bullet और Classic 350 की दम पर मार्केट में छाई Royal Enfield! 30 दिन में बेच डाली 1 लाख से ज्यादा बाइक

Royal Enfield ने जनवरी 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 1,04,322 मोटरसाइकिलों की बिक्री दर्ज की है. ये आंकड़ा पिछले साल जनवरी 2025 में बिकी 91,132 यूनिट्स की तुलना में 14.47% की मजबूत साल-दर-साल (YoY) बढ़ोतरी को दर्शाता है. इसमें सालाना स्तर पर 13,190 यूनिट्स का अतिरिक्त वॉल्यूम जुड़ा. महीने-दर-महीने (MoM) आधार पर दिसंबर 2025 के 1,03,574 यूनिट्स से मामूली 0.72% की बढ़ोतरी हुई है.

घरेलू बाजार में कंपनी ने 93,781 यूनिट्स बेचीं, जो जनवरी 2025 के 81,052 यूनिट्स से 15.70% अधिक है. घरेलू बिक्री में ये मजबूत प्रदर्शन Royal Enfield की पॉपुलर 350cc रेंज, खासकर Classic 350, Bullet 350 और Hunter 350 जैसे मॉडलों की मांग से संचालित रहा. इन मॉडलों ने 350cc सेगमेंट में 18% की वृद्धि दिखाई, जबकि 350cc से ऊपर वाले सेगमेंट में 8% की गिरावट आई है.

एक्सपोर्ट्स में भी कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन किया. जनवरी 2026 में 10,541 यूनिट्स विदेशी बाजारों में भेजी गई है.ये आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले 4.57% अधिक है. MoM आधार पर भी 1.39% की बढ़ोतरी दर्ज हुई. वित्तीय वर्ष की शुरुआत से अब तक (अप्रैल 2025 से जनवरी 2026) एक्सपोर्ट्स 1,09,731 यूनिट्स पहुंच चुका है, जो पिछले साल की समान अवधि से 30.17% अधिक है. इससे कंपनी ने निर्यात में 1 लाख यूनिट्स का ऐतिहासिक आंकड़ा पार किया.

इस मजबूत जनवरी प्रदर्शन के साथ Royal Enfield ने वित्तीय वर्ष 2025-26 (FY26) में अब तक कुल 10,25,420 मोटरसाइकिलों की बिक्री हासिल कर ली है. ये अप्रैल 2025-जनवरी 2026 की अवधि में पिछले साल की 8,18,209 यूनिट्स से 25.32% की भारी वृद्धि है. घरेलू बिक्री YTD में 9,15,689 यूनिट्स (24.77% YoY वृद्धि) रही, जबकि कुल मिलाकर कंपनी ने सिर्फ 10 महीनों में 1 मिलियन (10 लाख) मोटरसाइकिलों की बिक्री का माइलस्टोन पार कर लिया है.

Royal Enfield की ये सफलता नए मॉडलों, जैसे Himalayan 450 और अपडेटेड Classic सीरीज की लोकप्रियता, बेहतर डीलर नेटवर्क और एक्सपोर्ट मार्केट (यूरोप, अमेरिका आदि) में बढ़ती मांग से जुड़ी है. कंपनी लगातार चौथे महीने 1 लाख+ यूनिट्स की बिक्री बनाए रख रही है, जो इसकी स्टेबिलिटी और ग्रोथ ट्रैजेक्टरी को मजबूत बनाता है. आने वाले महीनों में फेस्टिव सीजन और नए लॉन्च के साथ यह आंकड़े और बेहतर हो सकते हैं.