Chandra Grahan 2026: पंचांग के अनुसार माघ महीने की पूर्णिमा तिथि रविवार 1 फरवरी 2026 को पड़ रही है. इस दिन को स्नान, दान, व्रत और पूजा-पाठ के लिए बहुत ही शुभ माना जाता है. माघ पूर्णिमा पर माघ मेला का पवित्र स्नान भी किया जाएगा, जिससे इस दिन का महत्व और बढ़ जाता है.
माघ पूर्णिमा के दिन को लेकर लोगों के मन में ऐसी दुविधा है कि, इस दिन चंद्र ग्रहण लग रहा है. दरअसल पूर्णिमा तिथि होने के कारण असमंजस की स्थिति पैदा हुई है. हालांकि, पंचांग और खगोलविदों की मानें तो माघ पूर्णिमा पर कोई भी चंद्र ग्रहण नहीं लग रहा है. इसलिए आपको पहले ही यह साफ कर दें कि, माघ पूर्णिमा पर 1 फरवरी 2026 को कोई ग्रहण नहीं लग रहा है. इसलिए श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है.
ज्योतिषाचार्य अनीष व्यास ने ग्रहों की स्थिति और पंचांग गणना के अनुसार, माघ मास की पूर्णिमा तिथि पर कोई ग्रहण योग नहीं बन रहा है. इसलिए इस दिन न तो सूतक काल लगेगा और न ही पूजा-पाठ, स्नान-दान या व्रत पर कोई प्रतिबंध रहेगा. इसलिए श्रद्धालु निश्चिंत होकर पवित्र नदी में स्नान, दान-पुण्य, सत्यनारायण कथा, व्रत और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर सकते हैं.
चंद्र ग्रहण का भ्रम क्यों
दरअसल, इन दिनों ग्रहण लगने की खबरें सुर्खियों में हैं. जिस वजह से कई बार पुरानी खबरें भी इंटरनेट पर स्क्रॉल हो जाती हैं. इसके लिए अलावा कई लोग अधूरी जानकारी होने के कारण भी भ्रम में आ जाते हैं. आप भ्रम में न आएं और पूरे विधि-विधान से पूर्णिमा से संबंधित धार्मिक कार्य करें. यह बात सच है कि, चंद्र ग्रहण पूर्णिमा के दिन ही लगता है, लेकिन प्रत्येक पूर्णिमा पर ऐसा नहीं होता है.
चंद्र ग्रहण 2026 कब (Lunar Eclipse 2026 Date)
साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण 3 मार्च को लगेगा. इस दिन फाल्गुन पूर्णिमा रहेगी. चंद्र ग्रहण दोपहर 3.20 पर लगेगा और शाम 06.47 पर समाप्त होगा. हालांकि भारत में ग्रहण का केवल मोक्ष दिखाई देगा, लेकिन फिर भी सूतक मान्य होगा.

