Chitrakoot,अमन शांति। चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र अंतर्गत रौली के पास नेशनल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक महिला और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन अतर्रा से भरतकूप की ओर जा रहा था, जबकि मोटरसाइकिल सवार भरतकूप से अतर्रा की दिशा में जा रहे थे। रौली के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
हादसे में महिला और युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक मृतक और घायल छतरपुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, हालांकि उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
सूचना मिलते ही भरतकूप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।