Dalmau News : रानी शिवाला घाट, डलमऊ में रिवर रैंचिंग कार्यक्रम एवं जनजागरूकता गोष्ठी संपन्न

सतीश कुमार

Dalmau News : प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत गंगा नदी में मत्स्य संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करने हेतु रानी शिवाला घाट, डलमऊ में भव्य रिवर रैंचिंग कार्यक्रम एवं जनजागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत गंगा नदी में 2.35 लाख मत्स्य बीज का संचय (रिलीज) किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा के जिला अध्यक्ष बुद्धि लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से मत्स्य पालन व्यवसाय को गति देने के साथ-साथ जल संसाधनों के संरक्षण की दिशा में यह एक महत्त्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाएँ मत्स्य पालकों के आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन रही हैं, अतः सभी पात्र लाभार्थी इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ।

मुख्य अतिथि ने गंगा नदी में मत्स्य संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि महीन जाल (Fine Net) के प्रयोग से छोटी मछलियाँ नष्ट होती हैं, जिससे मत्स्य संसाधनों की हानि होती है। अतः सभी मत्स्य पालक पारिस्थितिक संतुलन को बनाए रखने हेतु इस प्रकार के जालों का प्रयोग न करें।

कार्यक्रम में नगर पंचायत डलमऊ के अध्यक्ष बृजेश दत्त गौड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी इरफान उल्लाह खान, सीनियर फिशरीज इंस्पेक्टर शशांक नमन, फिशरीज इंस्पेक्टर अरुण कुमार पाल, अनीश हैदर सहित जनपद के सैकड़ों मत्स्य पालक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा नदी में मत्स्य संसाधनों के संरक्षण, संवर्धन एवं मत्स्य पालकों को आधुनिक तकनीकी विधियों से अवगत कराना रहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *