Deoria,अमन शांति। प्रेमी के साथ बीते गुरुवार को घर छोड़कर भागी एक किशोरी की शादी रचाने के बाद का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। प्रसारित वीडियो में मनियापार के रहने वाले आरोपित युवक के साथ मर्जी से जाने की बात कह रही है। किशोरी अपने स्वजन पर प्रताड़ित करने का आरोप भी लगा रही है। हालांकि, दैनिक जागरण ऐसे किसी प्रसारित वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
भुलईपुर गांव में नेवासे पर रह रहे ग्राम मनियापार निवासी हरिनाथ यादव के पुत्र आदित्य पर बगल के गांव की किशोरी को बहला-फुसला कर भगाने आरोप लगा था। मामले में किशोरी के मां की तहरीर पर शनिवार को मुकदमा दर्ज कर पुलिस सरगर्मी से दोनों की तलाश में जुटी है।
मंगलवार को इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित होने लगा। जिसमें नवविवाहित जोड़े के रूप में भगाई गई किशोरी आरोपित युवक को बेगुनाह बता कर उसे पुलिस द्वारा परेशान नहीं करने की गुहार लगा रही है।
स्वजन पर मारने पीटने के साथ प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप भी लगा रही है। थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के साथ ही दोनों की तलाश की जा रही है। प्रसारित वीडियो की साइबर सेल से लोकेशन पता कराया जा रहा है।