गोरखपुर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) यूनिट लखनऊ और थाना गीडा पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान अवैध मादक पदार्थों के साथ छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से करीब 770 ग्राम अवैध आर्गेनिक/हाइड्रोपोनिक बीडस (ओजी) ओसियन ग्रीन और 1.025 किलोग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 2 करोड़ 35 लाख रुपये बताई जा रही है।
इसके साथ ही जामा तलाशी में आठ एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 1,02,514 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशाद अहमद उर्फ साहिल, श्याम मोहन यादव, संतोष पांडेय, जितेंद्र गुप्ता, राहुल दूबे और मनोज उर्फ संटू चौरसिया के रूप में हुई है।
संतोष देवरिया के एकौना थाना क्षेत्र का रहने वाला है। अन्य सभी आरोपी गोरखपुर के हैं। एएनटीएफ थाना बाराबंकी के उप निरीक्षक सूरज सिंह की तहरीर पर गीडा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।

