Raebareli ! अहिल्या आर्मी के जिलाध्यक्ष अरविन्द पाल के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में युवाओं ने धरना प्रदर्शन करते हुए जनपद के पुलिस अधीक्षक डा0 यशवीर सिंह को एक ज्ञापन सौंपा। दिये गये ज्ञापन के माध्यम से जिलाध्यक्ष अरविन्द पाल ने कहा कि जनपद रायबरेली की सरेनी विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत समाजवादी पार्टी के नेता मनीष देव पाल एक उभरते हुए उदीयमान कार्यकर्ता हैं, जो क्षेत्रीय लोगों के सुख-दुख में बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हैं, उनकी बढ़ती हुई लोकप्रियता से खिन्न होकर कुछ असामाजिक तत्व उनसे बैर रखने लगे।
इसी क्रम में श्री पाल ने बताया कि मनीष देव पाल सम्पूर्ण विधान सभा में होल्डिंगे लगवाकर शुभकामना सन्देश देते हैं, पूर्व में भी उक्त संदर्भित असामाजिक तत्वों ने उनकी होल्डिंगे फाड़कर गंगा-जमुनी तहज़ीब एवं आपसी सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास किया, किन्तु मनीष देव पाल की सरलता एवं समझदारी के कारण कोई भी अप्रिय घटना नहीं हुई, जिसका फायदा पुनः उठाते हुए नव वर्ष में लगाई गई शुभकामना सन्देशों की होल्डिंगे अज्ञात असामाजिक अराजक तत्वों द्वारा जान-बूझकर फाड़ दी गई, उक्त कृत्य कानून व्यवस्था को खुली चुनौती है।
उल्लेखनीय है कि मनीष देव पाल द्वारा लगाई गई रेलवे कोच पर लगी होल्डिंग एवं लालगंज कस्बे में लगी हुई होल्डिंग फाड़ दी गई तथा रसूलपुर चौराहा थाना सरेनी के अन्तर्गत लगी हुई होल्डिंग फाड़ते हुए एक व्यक्ति की तस्वीर भी सामने आयी है, जिसे आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक को सौंपकर कार्यवाही किये जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष श्री पाल ने कहा कि यदि समय रहते हुए ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित करके उनके विरूद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही न की गई तो आर्मी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से सुभाष पाल, बृजेश पाल, अंकित पाल, अजय पाल, विजय पाल, विमलेश पाल, ऋषभ, शारदा बघेल, शुभम पाल, शिवम पाल, हर्षित, सुभाष बघेल, मयंक पाल, विनय पाल, राजू पाल आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

