Kitchen Cleaning Tips: ये हैं किचन के 5 कोने जिन्हें रोज देखते हैं लेकिन साफ नहीं करते, बनते हैं बीमारियों का घर

सतीश कुमार
3 Min Read


Hidden Kitchen Spots You Forget to Clean: रसोई की सफाई केवल घर की साज-सज्जा का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह परिवार की सेहत से भी सीधा जुड़ा मामला है. खासकर गर्मियों के मौसम में किचन में गंदगी, कीड़े-मकौड़े और बैक्टीरिया तेजी से पनपते हैं. हम रोज काउंटरटॉप, गैस स्टोव और फर्श साफ करते हैं, लेकिन कुछ ऐसी जगहें भी होती हैं जो नजरों के सामने होते हुए भी अनदेखी रह जाती हैं. अगर इन कोनों की नियमित सफाई न की जाए, तो यही जगहें बीमारियों का घर बन सकती हैं.

सूखा राशन रखने की जगह

सबसे पहले बात करें सूखे राशन रखने वाली जगह की. आटा, चावल, दाल और चीनी जैसे सामान स्टील या प्लास्टिक के डिब्बों में सुरक्षित रखे जाते हैं, लेकिन जिन शेल्फ पर ये डिब्बे रखे होते हैं, वहां अक्सर दाने, चूरा और धूल जमा हो जाती है. यही गंदगी चींटियों और कॉकरोच को आकर्षित करती है. समय-समय पर शेल्फ खाली करके उसे अच्छी तरह साफ और सैनिटाइज करना जरूरी है.

गैस सिलेंडर वाली अलमारी

दूसरी अनदेखी जगह है गैस सिलेंडर रखने की अलमारी. यह आमतौर पर किचन काउंटर के नीचे होती है और सफाई के दौरान छूट जाती है. सिलेंडर भारी होने के कारण लोग उसे हटाने से बचते हैं, लेकिन उसके आसपास जमी धूल और तेल की परत धीरे-धीरे गंदगी बढ़ाती है. सुरक्षा और स्वच्छता दोनों के लिहाज से इस हिस्से की सफाई बेहद जरूरी है.

मसालों का डिब्बा

तीसरी जगह है मसालों का डिब्बा. हम मसाले नियमित रूप से भरते रहते हैं, लेकिन डिब्बे के अंदर और खानों के बीच की जगहों पर जमा पाउडर और नमी को साफ करना भूल जाते हैं. समय-समय पर सभी खानों को निकालकर डिब्बा धोना और धूप में सुखाना बेहतर रहता है, ताकि मसाले ताजगी बनाए रखें.

माइक्रोवेव का अंदरूनी हिस्सा

माइक्रोवेव का अंदरूनी हिस्सा भी अक्सर नजरअंदाज हो जाता है. बाहर से साफ दिखने वाला माइक्रोवेव अंदर से करी के छींटों और खाने के दाग से भरा हो सकता है. यह न सिर्फ बदबू पैदा करता है, बल्कि बैक्टीरिया के पनपने की भी जगह बन सकता है. इस लिए यहां ध्यान से सफाई करने की जरूरत होती है. 

निचली कैबिनेट के दरवाजे और हैंडल

अंत में, निचली कैबिनेट के दरवाजे और उनके हैंडल. ऊपरी अलमारियों की तुलना में ये हिस्से ज्यादा छूट जाते हैं, जबकि इन्हें बार-बार हाथ लगाया जाता है. यहां धूल और कीटाणु जमा हो सकते हैं. नियमित सफाई में इन जगहों को शामिल करना ही सच में साफ और सुरक्षित किचन की पहचान है. जगहों की अच्छी सफाई करके हम तमाम तरह की तकलीफों से बच सकते हैं. 

इसे भी पढ़ें- Flour Storage: ऐसे करेंगे स्टोर तो ज्यादा दिन तक फ्रेश रहेगा आटा, जानें कमाल के टिप्स



Source link

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.