Maharashtra Zilla Parishad Election Results Live Updates: महाराष्ट्र के 12 जिला परिषदों (जिला परिषद चुनाव 2026) और 125 पंचायत समिति चुनावों (Maharashtra Panchayat Samiti Election 2026) के नतीजों का आज ऐलान होना है. प्रदेश में 29 नगर निगमों के चुनाव के बाद जिला परिषद चुनाव हुए, जिनके उम्मीदवारों का फैसला आज हो जाएगा.
एक ओर राज्य में घटते मतदान प्रतिशत को लेकर महाराष्ट्र में चिंता जताई जा रही है तो दूसरी ओर गांवों में बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक सभी ने जिला परिषद चुनाव में खुलकर मतदान किया, जिससे जनता की सकारात्मक प्रतिक्रिया दिखी और एक आशाजनक तस्वीर सामने आई.
परभणी में सबसे ज्यादा वोटिंग
महाराष्ट्र में इस सप्ताह हुए 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों में 68.28 प्रतिशत मतदान हुआ. राज्य निर्वाचन आयोग (Maharashtra State Election Commission) ने रविवार को यह जानकारी दी. परभणी जिले में सबसे अधिक 74.89 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि रत्नागिरी में सबसे कम 55.79 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. शनिवार को रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सतारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धराशिव और लातूर जिलों में 731 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ, जिनमें 2,624 उम्मीदवार मैदान में थे. मतों की गिनती नौ फरवरी को होगी.
एसईसी के अनुसार, परभणी के बाद कोल्हापुर का स्थान रहा, जहां 74.45 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि छत्रपति संभाजीनगर में 72.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. ये चुनाव, जो मूल रूप से पांच फरवरी को होने थे, उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन और उसके बाद तीन दिनों के राजकीय शोक की घोषणा के कारण स्थगित कर दिए गए थे.
इस त्रासदी के बाद पहली बड़ी चुनावी परीक्षा के रूप में देखे जा रहे जिला परिषद के चुनावों पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की भविष्य की दिशा के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है.

