Mahindra ने अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 6 को अपडेटेड स्पोर्टेक सीरीज के रूप में लॉन्च किया है. ये नई रेंज न सिर्फ डिजाइन और टेक्नोलॉजी में आगे बढ़ी है, बल्कि बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) विकल्प के जरिए अपफ्रंट कॉस्ट को काफी कम कर देती है. BaaS मॉडल के तहत एंट्री-लेवल ONE वेरिएंट की कीमत महज 11.45 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) से शुरू होती है, जबकि बैटरी के साथ ये 19.45 लाख रुपये है.
डिलीवरी 26 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली है, जो ओणम के साथ मेल खाती है. तीन बैटरी विकल्पों (59, 70 और 79 kWh) के साथ ये एसयूवी 548 से 683 किमी तक की रेंज क्लेम करती है. स्पोर्टेक में ट्रिपल स्क्रीन कॉकपिट, Google Gemini पावर्ड AI फीचर्स और नए पर्सनलाइजेशन ऑप्शन जुड़ गए हैं, जो इसे सेगमेंट में खास बनाते हैं. कीमतें 11.45 लाख से 26.95 लाख रुपये तक हैं. आइए जानते हैं कि BaaS के साथ इसे खरीदना कितना सही रहेगा?
Mahindra BE 6 Sperteq का BaaS प्लान
BaaS विकल्प सिर्फ 59 kWh बैटरी वाले ONE और TWO वेरिएंट पर उपलब्ध है. इसका ONE वेरिएंट 11.45 लाख और TWO वेरिएंट 12.95 लाख रुपये में मिलेगा. बैटरी के लिए 3.75 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज लगेगा. ये दर रोजाना 60 किमी के अनुमानित इस्तेमाल और आठ साल की बैटरी लोन टेन्योर पर आधारित है. खरीदार गाड़ी खरीदता है, बैटरी कंपनी के पास रहती है और यूसेज के हिसाब से किराया देता है. इससे शुरुआती खर्च करीब 8 लाख रुपये कम हो जाएगा. बाकी वेरिएंट बैटरी सहित उपलब्ध हैं. कीमतों में रोड टैक्स, इंश्योरेंस और चार्जर इंस्टॉलेशन शामिल नहीं है.
डिजाइन और इंटीरियर
डिजाइन में कूपे-एसयूवी लुक बरकरार है. शार्प लाइन्स, सी-शेप्ड LED DRL, डुअल-पॉड हेडलैम्प और फ्लश डोर हैंडल स्पोर्टी अंदाज देते हैं. 12 कलर ऑप्शन हैं, जिनमें नए रोसो इंपल्सो, रूबी वेलवेट जैसे शेड शामिल. इंटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव ट्रिपल 12.3-इंच स्क्रीन वाला कोस्ट-टू-कोस्ट कॉकपिट है (TWO से ऊपर). नया होरिजॉन्टल डैशबोर्ड, रेसिंग टैन थीम और बेहतर स्टोरेज मिलता है. पैनोरेमिक रूफ, वेंटिलेटेड सीट्स और 16-स्पीकर हरमन कार्डन साउंड (डॉल्बी एटमॉस/विजन) उपलब्ध हैं.
फीचर्स और सेफ्टी
फीचर्स में छह TEQ सूट्स शामिल हैं. TEQ_Talk गूगल जेमिनी से चलता है, TEQ_Play में गेमिंग, TEQ_Drive में ड्रिफ्ट मोड, कस्टम ड्राइव और रिवाइव SOS (बैटरी जीरो होने पर 13 किमी तक इमरजेंसी रेंज) मिलते हैं. NFC डिजिटल की, वायरलेस चार्जिंग और 540-डिग्री कैमरा भी हैं. सेफ्टी में 6-7 एयरबैग्स, ESP, TPMS और लेवल 2/2+ ADAS (एडैप्टिव क्रूज, लेन कीप, ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेकिंग) दिए गए हैं. इसे Bharat NCAP से 5-स्टार रेटिंग मिली है.
बैटरी, मोटर और रेंज
इसमें 59/70/79 kWh बैटरी पैक के साथ मोटर रियर व्हील ड्राइव पर 231/245/286 hp और 380 Nm टॉर्क देता है. इनकी MIDC रेंज क्रमशः 548, 651 और 683 किमी है. DC फास्ट चार्जिंग से करीब 20 मिनट में इसे 20-80% तक चार्ज किया जा सकता है. कुल मिलाकर, BaaS के साथ सस्ती एंट्री और हाई-टेक फीचर्स इसे आकर्षक बनाते हैं.