Mahindra की पॉपुलर कार Scorpio N का फेसलिफ्ट मॉडल एक बार फिर टेस्टिंग के दौरान स्पॉट हो गया है. 2022 में लॉन्च हुई इस दमदार SUV ने भारतीय बाजार में अपनी मजबूत रोड प्रेजेंस, ऑफ-रोड क्षमता और प्रीमियम फीचर्स के साथ धमाल मचा रखा है. अब फेसलिफ्ट वर्जन में कंपनी डिजाइन, इंटीरियर और फीचर्स में महत्वपूर्ण अपडेट्स लाने की तैयारी कर रही है, ताकि ये टाटा सफारी, एमजी हेक्टर प्लस और अन्य कंपीटर्स से मुकाबले कर सके.
सामने आए स्पाई शॉट्स से पता चलता है कि नया मॉडल थोड़े कॉस्मेटिक बदलावों, बड़ी टचस्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ और एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स के साथ आएगा. लॉन्च 2026 के मिड या त्योहारी सीजन में होने की उम्मीद है, जिससे SUV लवर्स में काफी उत्साह है. कीमत ₹13.80 लाख से शुरू होकर ₹24-25 लाख तक रह सकती है. आइए जानते हैं कि डिजाइन से लेकर स्पेसिफिकेशन तक में क्या अंतर हो सकते हैं.
डिजाइन और इंटीरियर
स्कॉर्पियो-एन फेसलिफ्ट में फ्रंट एंड पर सबसे ज्यादा बदलाव दिख रहे हैं. नया रीडिजाइन किया गया ग्रिल, अपडेटेड LED हेडलैंप्स और DRLs, स्पोर्टियर बंपर्स और नई 18-इंच अलॉय व्हील्स इसे और आक्रामक लुक देंगे. साइड और रियर प्रोफाइल में मामूली बदलाव हो सकते हैं, लेकिन ओवरऑल मस्कुलर स्टांस और रोड प्रेजेंस पहले जैसी ही दबंग रहेगी. कुछ स्पाई शॉट्स में 360-डिग्री कैमरा सेटअप भी नज़र आया है.
केबिन में बड़े अपडेट्स की उम्मीद है. नया डैशबोर्ड Thar Roxx से इंस्पायर्ड होगा, जिसमें बड़ा फ्री-स्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (10.25 इंच या उससे बड़ा), फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, रीपोजिशन्ड AC वेंट्स और प्रीमियम अपहोल्स्ट्री शामिल हो सकती है. पैनोरमिक डुअल-पेन सनरूफ, बेहतर मैटेरियल और नई सिल्वर एक्सेंट्स के साथ केबिन पहले से ज्यादा प्रीमियम और स्पेशियस महसूस होगा. 6 और 7-सीटर लेआउट बरकरार रहेगा.
फीचर्स और सेफ्टी
नए फीचर्स में वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले, हार्मन कार्डन साउंड सिस्टम (Dolby Atmos), इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स (मेमोरी फंक्शन के साथ), 360-डिग्री कैमरा और अपडेटेड इंफोटेनमेंट शामिल हो सकते हैं. ये बदलाव SUV को ज्यादा कम्फर्टेबल और टेक्नोलॉजी से भरपूर बनाएंगे.
सेफ्टी में बड़ा अपग्रेड संभव है. लेवल-2 ADAS (एडाप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट, फॉरवर्ड कोलिजन वार्निंग आदि), इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक विद ऑटो होल्ड और मौजूदा 5-स्टार ग्लोबल NCAP रेटिंग को और मजबूत किया जा सकता है. सात एयरबैग्स, ESP और अन्य स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स बने रहेंगे.
इंजन और माइलेज
इसमें कोई बड़ा मैकेनिकली चेंज नहीं होने वाला है. 2.0-लीटर mStallion टर्बो-पेट्रोल इंजन (200 bhp, 370 Nm) और 2.2-लीटर mHawk डीजल (130-172 bhp, 370 Nm) ऑप्शन्स रहेंगे. 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ 2WD/4WD विकल्प उपलब्ध होंगे. माइलेज पेट्रोल में करीब 12-15 kmpl और डीजल में 15-16 kmpl के आसपास रहने की उम्मीद है (ARIA टेस्टिंग के अनुसार). ऑफ-रोड परफॉर्मेंस पहले की तरह शानदार रहेगी.