Maruti Suzuki Baleno Vs Toyota Glanza: मारुति बलेनो और टोयोटा ग्लैंजा, दोनों ही भारतीय बाजार में प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट की पॉपुलर गाड़ियां हैं. ये दोनों कारें असल में एक ही प्लेटफॉर्म पर बनी हैं. इसलिए इनमें इंजन, फीचर्स, इंटीरियर स्पेस और परफॉर्मेंस में काफी समानताएं हैं.
फिर भी कुछ अंतर हैं, जैसे की कीमत, ब्रांड वैल्यू, सर्विस नेटवर्क और मामूली डिजाइन अपडेट. अगर आप आने वाले दिनों में एक प्रीमियम हैचबैक खरीदने का प्लान कर रहे हैं और कन्फ्यूज हैं कि इन दोनों में किस गाड़ी को चुनना चाहिए, तो हमारा ये आर्टिकल आपके काम आएगा.
कीमत (Price)
Maruti Baleno की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹5.99 लाख (Sigma पेट्रोल) से शुरू होती है, जबकि टॉप वेरिएंट (Alpha AMT या Regal Edition) ₹9.10 से लेकर 9.84 लाख तक जाता है. वहीं, टोयोटा ग्लैंजा की बेस वेरिएंट (E पेट्रोल) ₹6.39 लाख से शुरू होता है और टॉप वेरिएंट (V AMT) के लिए ₹9.15-10.00 लाख तक जाता है. बलेनो ₹40,000 से ₹60,000 तक सस्ती है.
डिजाइन (Design)
एक्सटीरियर डिजाइन की बात करें, तो दोनों गाड़ियां काफी मिलती-जुलती हैं. बलेनो में स्पोर्टी और मॉडर्न लुक है. इसमें शार्प LED हेडलाइट्स, क्रोम ग्रिल और रियर में कनेक्टेड LED टेललाइट्स मिलते हैं. वहीं, ग्लैंजा में टोयोटा का सिग्नेचर फ्रंट ग्रिल है. ये ज्यादा प्रीमियम और सोबर लगती है. दोनों में 16-इंच अलॉय व्हील्स, ग्लॉसी ब्लैक एलिमेंट्स और स्पोर्टी सिल्हूट है. कुल मिलाकर डिजाइन पर्सनल चॉइस का मामला बन जाता है.
इंटीरियर (Interior)
इंटीरियर में दोनों लगभग एक जैसी हैं. इनमें स्पेसियस केबिन, अच्छी फिट-फिनिश और प्रीमियम फील है. दोनों में 9-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (एपल कारप्ले, एंड्रॉयड ऑटो), ऑटो AC, क्रूज कंट्रोल (टॉप वेरिएंट में), पुश बटन स्टार्ट, रियर AC वेंट्स और लेदरेट अपहोल्स्ट्री मिलती है. बलेनो में मल्टी-कलर एम्बिएंट लाइटिंग और कुछ स्पेशल थीम्स ज्यादा आकर्षक लगती हैं. ग्लैंजा में इंटीरियर क्वालिटी थोड़ी बेहतर फील देती है. बूट स्पेस दोनों में 318 लीटर है.
फीचर्स (Features)
दोनों कारें फीचर्स के मामले में पैकेज्ड हैं. ग्राहक इन्हें 360 डिग्री कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले (बलेनो में), वायरलेस चार्जिंग, 6-स्पीकर ऑडियो, ऑटोमैटिक हेडलाइट्स और वाइपर के साथ खरीद सकते हैं. सेफ्टी फीचर्स में 6 एयरबैग्स, ABS+EBD, ESP, हिल होल्ड, ISOFIX और रिवर्स पार्किंग सेंसर/कैमरा शामिल है.
इंजन और माइलेज (Engine and Mileage)
दोनों में एक ही 1.2-लीटर K-सीरीज पेट्रोल इंजन है. ये पावरट्रेन 88-89 bhp की शक्ति और 113 Nm टॉर्क प्रोड्यूस करने में सक्षम है. ट्रांसमिशन ऑप्शन में 5-स्पीड मैनुअल या AMT (ऑटोमैटिक) शामिल मिल जाता है. फ्यूल एफिशियंली की बात करें, तो ये पेट्रोल में 22.94 kmpl और CNG में 30.61 km/kg तक का माइलेज देने में सक्षम है.
Maruti Suzuki Baleno Vs Toyota Glanza: कौन बेहतर?
अगर बजट कम है और ज्यादा फीचर्स + अच्छा सर्विस नेटवर्क चाहिए, तो Maruti Baleno बेहतर चॉइस है. ये सस्ती, फीचर-रिच और फ्यूल-एफिशिएंट है. अगर आप टोयोटा की रिलायबिलिटी, बेहतर रीसेल वैल्यू और थोड़ा प्रीमियम फील चाहते हैं, तो Toyota Glanza चुन सकते हैं.

