अगर आप कॉलेज में पढ़ाने का सपना देख रहे हैं और आपने यूजीसी नेट परीक्षा पास कर ली है, तो यह खबर आपके लिए बहुत काम की है. दिल्ली विश्वविद्यालय से जुड़े राम लाल आनंद कॉलेज (आरएलए) ने असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. कॉलेज ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है और इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
राम लाल आनंद कॉलेज ने कुल 12 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों के लिए भर्ती निकाली है. इनमें कॉमर्स, कंप्यूटर साइंस, इकोनॉमिक्स, इंग्लिश, एनवायरमेंटल स्टडीज, हिंदी, इतिहास, मैनेजमेंट स्टडीज, माइक्रोबायोलॉजी, पॉलिटिकल साइंस और फिजिकल एजुकेशन जैसे विषय शामिल हैं. अगर आप इनमें से किसी भी विषय में पढ़ाने की योग्यता रखते हैं, तो इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं.
कुल कितने पद और कहां मिलेगी नौकरी
इस भर्ती के तहत कुल 20 पदों को भरा जाएगा. सभी पद दिल्ली विश्वविद्यालय के राम लाल आनंद कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर के होंगे. कॉलेज दिल्ली के साउथ कैंपस से जुड़ा हुआ है और यहां पढ़ाई और पढ़ाने का माहौल काफी अच्छा माना जाता है.
आवेदन की आखिरी तारीख
असिस्टेंट प्रोफेसर के इन पदों के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 2 मार्च 2026 तय की गई है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी दिन का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें.
कितनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत पे लेवल-10 में सैलरी दी जाएगी. शुरुआती वेतन 57,700 रुपये प्रति माह होगा. इसके अलावा समय-समय पर मिलने वाले अन्य भत्ते भी लागू होंगे. इस तरह यह नौकरी न सिर्फ सम्मानजनक है, बल्कि आर्थिक रूप से भी काफी बेहतर मानी जाती है.
कौन कर सकता है आवेदन
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में मास्टर डिग्री होनी चाहिए. मास्टर डिग्री में कम से कम 55 प्रतिशत अंक होना जरूरी है. इसके साथ ही उम्मीदवार का यूजीसी द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा यानी नेट पास होना जरूरी है. जिन उम्मीदवारों के पास पीएचडी की डिग्री है, वे भी आवेदन कर सकते हैं.
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा. पहले उम्मीदवारों की शॉर्टलिस्टिंग होगी, इसके बाद इंटरव्यू लिया जाएगा. चयन पूरी तरह से दिल्ली विश्वविद्यालय की चयन समिति के नियमों के अनुसार किया जाएगा. अगर कोई उम्मीदवार एक से ज्यादा विषयों के लिए योग्य है, तो वह एक से ज्यादा पदों के लिए भी आवेदन कर सकता है.
आवेदन शुल्क कितना देना होगा
अनारक्षित, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क के रूप में 500 रुपये देने होंगे. वहीं, एससी, एसटी, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क माफ किया गया है. शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से ही करना होगा.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
असिस्टेंट प्रोफेसर की इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है. उम्मीदवारों को सबसे पहले दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट rec.uod.ac.in पर जाना होगा. अगर आप पहली बार इस वेबसाइट पर आ रहे हैं, तो पहले नया अकाउंट बनाना होगा. इसके लिए ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर की जरूरत पड़ेगी.
अकाउंट बनाने के बाद लॉगिन करें और आवेदन फॉर्म खोलें. फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी जैसे शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत विवरण और अनुभव सही-सही भरें. इसके बाद पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर तय साइज में स्कैन करके अपलोड करें.
यह भी पढ़ें – UPSC नियमों में बड़ा बदलाव: बार-बार सिविल सेवा परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे IAS-IFS, IPS ऑप्शन को लेकर भी हुआ बदलाव
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI

