Last Updated:
FASTag Annual Pass: हाईवे पर सफर करना महंगा होने जा रहा है. दरअसल, नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सालाना टोल पास के दाम में 75 रुपये की बढ़ोतरी की है. नए नियम 1 अप्रैल, 2026 से लागू होंगे.

₹75 महंगा हुआ सालाना टोल पास
FASTag Annual Pass: अगर आप अपनी कार से अक्सर नेशनल हाईवे पर सफर करते हैं और सालाना टोल पास का इस्तेमाल करते हैं, तो आपकी जेब पर बोझ बढ़ने वाला है. 1 अप्रैल 2026 से नेशनल हाईवे पर मिलने वाला सालाना टोल पास अब महंगा होने जा रहा है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने सालाना टोल पास की कीमत में बढ़ोतरी कर दी है. अब 1 अप्रैल 2026 से वाहन चालकों को इस पास के लिए 3,000 रुपये की जगह 3,075 रुपये चुकाने होंगे.
सालाना टोल पास की नई दर फाइनेंशियल ईयर 2026-27 के लिए लागू होगी. यह पास केवल निजी (नॉन-कमर्शियल) वाहनों के लिए होता है और इसके लिए वाहन में एक्टिव FASTag लगा होना जरूरी है.
200 बार टोल पार या एक साल वैलिडिटी
सालाना टोल पास एक साल तक या 200 बार टोल क्रॉसिंग तक मान्य रहेगा यानी अगर कोई वाहन 200 बार टोल प्लाजा पार कर लेता है, तो पास की वैलिडिटी खत्म हो जाएगी, भले ही एक साल पूरा न हुआ हो.
सालाना टोल पास की कीमत में हल्की बढ़ोतरी
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने सभी टोल प्लाजा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 1 अप्रैल 2026 से नई दरें लागू की जाएं और इसकी जानकारी यात्रियों और दूसरे स्टेकहोल्डर्स को दी जाए. सरकार का कहना है कि टोल से जुड़ी दरों की हर साल समीक्षा और संशोधन किया जाता है. इसी प्रक्रिया के तहत इस बार सालाना पास की कीमत में हल्की बढ़ोतरी की गई है.
सालाना टोल पास अभी भी एक सुविधाजनक ऑप्शन
जिन लोगों का रोजाना या अक्सर नेशनल हाईवे पर आना-जाना होता है, उनके लिए यह सालाना टोल पास अभी भी एक सुविधाजनक ऑप्शन माना जाता है, क्योंकि इससे बार-बार टोल भुगतान की झंझट कम हो जाती है.
कैसे मिलेगा सालाना टोल पास?
नेशनल हाईवे पर बार-बार सफर करने वाले वाहन चालक आसानी से सालाना टोल पास बनवा सकते हैं. यह सुविधा एनएचएआई की ओर से दी जाती है और इसके लिए वाहन में एक्टिव FASTag होना जरूरी है. वाहन मालिक NHAI या अपने FASTag जारी करने वाले बैंक/ऐप के पोर्टल पर लॉग-इन करके सालाना पास के लिए आवेदन कर सकते हैं. सालाना पास के लिए निर्धारित फीस (1 अप्रैल 2026 से ₹3075) ऑनलाइन भुगतान करनी होती है. भुगतान के बाद सालाना पास आपके FASTag से लिंक हो जाता है और आप टोल प्लाजा पर बिना अतिरिक्त भुगतान के इसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
About the Author
रवि सिंह News 18 India में कार्यरत हैं. पिछले 20 वर्षों से इलेक्ट्रानिक मीडिया में सक्रिय हैं. उनकी मुख्य रूप से रेलवे,स्वास्थ्य,शिक्षा मंत्रालय,VHP और राजनीतिक गतिविधियों पर पकड़ है. अयोध्या में मंदिर की कवरेज…और पढ़ें