Petrol Pump Scam आज के समय में बहुत सारे लोगों के लिए समस्या बन गया है. कई खबरे आती रहती हैं, जिनमें पेट्रोल पंपों पर अटेंडेंट या मालिक चालाकी से ग्राहकों को कम पेट्रोल/डीजल देकर ज्यादा पैसे वसूलते हैं. ये धोखाधड़ी कई तरीकों से होती है, जैसे मीटर को जीरो न करना, तेज स्पीड से मीटर चलना, नोजल में ट्रिक लगाना, मिलावट करना या क्वालिटी खराब फ्यूल देना.
1. हमेशा मीटर को जीरो पर चेक करें
पेट्रोल भरवाने से पहले सबसे पहला और सबसे महत्वपूर्ण काम डिस्पेंसिंग मशीन का डिजिटल मीटर देखें कि वो पूरी तरह 0.00 पर सेट है या नहीं. कई बार अटेंडेंट पुरानी रीडिंग पर ही पंपिंग शुरू कर देते हैं, जिससे आपको कम ईंधन मिलता है और बिल ज्यादा आता है. अगर मीटर जीरो नहीं है, तो तुरंत कहें कि रीसेट करें. कभी भी “जीरो देख लीजिए” सुनकर नजरअंदाज न करें.
2. ऑड (विषम) अमाउंट में ही फ्यूल भरवाएं
₹500, ₹1000 या ₹2000 जैसे राउंड फिगर में पेट्रोल न भरवाएं। इसके बजाय ₹503, ₹1009, ₹1507 या ₹734 जैसी ऑड रकम चुनें. ऐसा करने से अटेंडेंट को चीट करना मुश्किल हो जाता है, क्योंकि राउंड अमाउंट में धोखाधड़ी की जा सकती है. ऑड अमाउंट से आपको सटीक कंट्रोल मिलता है.
3. नोजल और सील की जांच जरूर करें
पेट्रोल पंप की मशीन और नोजल पर वेट एंड मेजरमेंट डिपार्टमेंट (Legal Metrology) की सील या मुहर लगी होनी चाहिए. अगर सील टूटी हुई है, टैंपर की गई लग रही है या नंबर मैच नहीं कर रहा, तो उस पंप पर फ्यूल न भरवाएं. कई बार नोजल में छोटा-मोटा मैग्नेट या ट्रिक लगाकर फ्यूल की मात्रा कम की जाती है. ऑटो-कट नोजल को बीच-बीच में रोककर भी चालाकी की जाती है, इसलिए नोजल पर ध्यान बनाए रखें.
4. पंप पर खड़े होकर पूरी प्रोसेस देखें
फ्यूल भरते समय गाड़ी से उतरकर मीटर, नोजल और अटेंडेंट की हर हरकत पर नजर रखें. फोन पर बात करने, दूसरी तरफ देखने या बातों में उलझने पर भी आपके साथ धोखा हो सकता है. कई बार अटेंडेंट तेज स्पीड से मीटर चलाते हैं, जिससे घटतौली हो सकती है.
5. माइलेज और क्वालिटी पर नजर रखें
अगर आपको लगता है कि एकदम से माइलेज बहुत कम हो रहा है, तो ये संकेत हो सकता है कि फ्यूल में मिलावट की जा रही है। इससे बचने के लिए फ्यूल हमेशा ब्रांडेड पंप (IOCL, BPCL, HPCL) पर ही भरवाएं, क्योंकि वहां क्वालिटी चेक ज्यादा सख्त होता है। अगर आपको कोई शक है, तो इन नंबर पर कॉल करके शिकायत भी दर्ज करा सकते हैं-
IOCL: 1800-233-3555
BPCL: 1800-22-4344
HPCL: 1800-233-3555

