स्मार्टफोन लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. कॉलिंग, इंटरनेट से लेकर बैंकिंग और मनोरंजन तक, लगभग हर काम के लिए फोन पर लोगों की निर्भरता बढ़ चुकी है. यही वजह है कि फोन की बैटरी और चार्जिंग को लेकर थोड़ी सी लापरवाही भी परेशानी खड़ी कर सकती है. खासतौर पर फोन को चार्जिंग से निकालते समय की जाने वाली एक आम गलती को लोग अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं.
चार्जर निकालते समय न करें ये गलती
कई लोग फोन चार्जिंग से निकालते वक्त चार्जिंग केबल को उसके तार से पकड़कर जोर से खींच देते हैं. ऐसा करना सही तरीका नहीं है. केबल को खींचने से उसके अंदर मौजूद तार और कनेक्टर पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है. बार-बार ऐसा करने से चार्जिंग केबल जल्द खराब हो सकती है और फोन में चार्जिंग की समस्या भी आने लगती है.
सही तरीका ये है कि चार्जिंग केबल को निकालते समय कनेक्टर के प्लास्टिक या मेटल वाले हिस्से को पकड़ें, न कि तार को. इससे केबल पर कम प्रेशर पड़ेगा और उसकी उम्र भी बढ़ सकती है.
खराब केबल बन सकती है परेशानी की वजह
अगर चार्जिंग केबल बार-बार खींचने या मोड़ने से खराब हो गई है तो उसका इस्तेमाल जारी रखना ठीक नहीं है. कटे या टूटे हुए तार, ढीले कनेक्टर या गर्म होने वाली केबल चार्जिंग के दौरान परेशानी पैदा कर सकती है.
ऐसी कंडिशन में चार्जिंग के दौरान फोन या चार्जर जरूरत से ज्यादा गर्म हो सकता है. इसलिए केबल पर किसी तरह की कट दिखाई देने पर उसे बदल देना बेहतर होता है.
चार्जर को भी ऐसे न खींचें
सिर्फ फोन से केबल निकालने में ही सावधानी जरूरी नहीं है. वॉल सॉकेट से चार्जर निकालते समय भी लोग अक्सर चार्जर के तार को पकड़कर खींचते हैं. इससे केबल और प्लग के ज्वाइंट पर प्रेशर पड़ता है.
चार्जर हटाते समय उसके प्लग वाले हिस्से को पकड़कर सॉकेट से निकालना चाहिए. इससे तार और कनेक्शन पर अनावश्यक खिंचाव नहीं पड़ता.
फोन की बैटरी के लिए भी जरूरी है सावधानी
चार्जिंग केबल को सही तरीके से निकालने से एक्सेसरीज और चार्जिंग पोर्ट पर पड़ने वाला बेमतलब प्रेशर कम होता है. वहीं, लंबे समय तक बैटरी को अच्छी कंडिशन में रखने के लिए फोन को ज्यादा गर्म होने से बचाना और खराब चार्जर या केबल का इस्तेमाल न करना भी जरूरी है.