Does Not Brushing At Night Affect Heart Health: ओरल हाइजीन भले ही रोजमर्रा की एक छोटी आदत लगे, लेकिन इसे नजरअंदाज़ करना सिर्फ कैविटी तक ही सीमित नहीं रहता, इसके असर कहीं ज्यादा गंभीर हो सकते हैं. कंटेंट क्रिएटर और एनेस्थीसियोलॉजी व इंटरवेंशनल पेन मेडिसिन के डॉक्टर कुणाल सूद ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर बताया कि रात में ब्रश न करना दिल की सेहत पर भी बुरा असर डाल सकता है.
एक कंटेंट क्रिएटर के इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कि “अगर आप सोने से पहले दांत ब्रश नहीं करते हैं, तो आपको हार्ट रोग का खतरा ज्यादा हो सकता है”, डॉ. सूद ने सहमति जताई. उन्होंने जोर देकर कहा कि ओरल हाइजीन न सिर्फ जरूरी है, बल्कि यह दिल की सेहत के लिए भी डिफेंसिव भूमिका निभाती है. उन्होंने चेतावनी दी कि “अगर आप रात में दांत ब्रश करना छोड़ देते हैं, तो आप सिर्फ कैविटी का ही जोखिम नहीं उठा रहे होते.” 2023 की एक स्टडी का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि खराब ओरल हाइजीन का संबंध हार्ट रोग और हार्ट फेलियर के बढ़े हुए खतरे से पाया गया है. इसलिए सही समय पर ब्रश करना बेहद अहम है.
समय के साथ हमारे हार्ट पर असर पड़ता है
डॉ. सूद के मुताबिक, “थ्योरी यह है कि मुंह में मौजूद बैक्टीरिया खून के जरिए शरीर में पहुंच जाते हैं, जिससे सूजन पैदा होती है और समय के साथ इसका असर हार्ट पर पड़ता है.” उन्होंने यह भी साफ किया कि ब्रश न करना सीधे तौर पर हार्ट की बीमारी का कारण नहीं बनता, लेकिन खराब ओरल हाइजीन उन कई जोखिम कारकों में से एक है, जो हार्ट संबंधी समस्याओं में योगदान दे सकता है.
ज्यादा ब्रश करने वालों को क्या फायदा?
उनका कहना है कि जो लोग ज्यादा बार ब्रश करते हैं, उनका दिल आमतौर पर ज़्यादा स्वस्थ रहता है. उन्होंने आगे कहा कि “दरअसल, दिन में कम से कम तीन बार ब्रश करना और नियमित डेंटल क्लीनिंग कराने से हार्ट रोग का खतरा कम देखा गया है. इससे मसूड़ों की बीमारी और दांत गिरने जैसी समस्याओं की संभावना भी घटती है. ओरल हाइजीन दिल की सेहत को सपोर्ट करने के सबसे आसान तरीकों में से एक है.”
इसका दिल पर क्या असर पड़ता है?
एक्सपर्ट बताते हैं कि जब हम रात में ब्रश करना छोड़ देते हैं, तो मुंह में प्लाक और बैक्टीरिया जमा होने लगते हैं. ये बैक्टीरिया ऐसे टॉक्सिन छोड़ते हैं, जो खून में पहुंचकर पूरे शरीर में सूजन की प्रतिक्रिया शुरू कर सकते हैं. लंबे समय तक बनी रहने वाली यह सूजन ब्लड वेसल्स की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचा सकती है. इससे आर्टरीज में प्लाक जमने लगता है और हार्ट संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. हालांकि हर खराब ओरल हाइजीन वाला व्यक्ति हार्ट की बीमारी का शिकार हो, ऐसा जरूरी नहीं है, लेकिन मुंह की सफाई बनाए रखना सूजन को कम करने और हार्ट की सेहत को बेहतर रखने का एक अहम तरीका है.
ये भी पढ़ें-Blood Cancer: लगातार थकान और बार-बार बुखार आना सामान्य नहीं, हो सकते हैं इस कैंसर के लक्षण
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator

