Raebareli : उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की दादी का कहना है कि ज़मीनी विवाद के चलते उसके पोते की हत्या की गई है। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गाँव में शनिवार रात हुई इस खौफनाक हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है।
अपने घर के बाहर सो रहे 19 वर्षीय हिमांशु की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमलावर इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। सुबह जब हिमांशु के परिजनों ने उसका खून से लथपथ शव देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची हरचंदपुर पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर प्रारंभिक जाँच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक हिमांशु बछरावां के नंदाखेड़ा का रहने वाला था और पिछले 15 सालों से हरचंदपुर के प्यारेपुर में अपनी नानी के घर रह रहा था। रात करीब एक बजे उसका शव घर के बाहर चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा मिला। मृतक की दादी लक्ष्मीना का आरोप है कि गांव के ही एक युवक से जमीनी विवाद था, जिसके चलते उसके पोते की हत्या की गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।