Raebareli Breaking News : विदेश भेजने के नाम पर संगठित ठगी का आरोप

Aman Shanti In
3 Min Read

Raebareli Breaking News। जनपद से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर संगठित ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ऊँचाहार निवासी सूर्यपाल यादव ने पुलिस अधीक्षक रायबरेली को प्रार्थना पत्र देकर न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रेवल्स नामक फर्म से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने अजरबैजान और रूस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे हजारों रुपये की ठगी की।

पीड़ित सूर्यपाल यादव के अनुसार, ट्रैवल्स फर्म से जुड़े लोगों ने पहले विदेश में अच्छी नौकरी का लालच दिया और भरोसा दिलाने के लिए फर्जी वीजा और हवाई टिकट दिखाए। इसके बाद उनसे पहले 40 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए और फिर 50 हजार रुपये नकद ले लिए गए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी विदेश भेजने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी, तो पीड़ित को शक हुआ।

संदेह होने पर जब पीड़ित ने वीजा और टिकट की जांच कराई, तो दोनों ही दस्तावेज फर्जी पाए गए। इसके बाद पीड़ित ने खुद को ठगा हुआ महसूस किया। शिकायत में रोहित सिंह, किशन मिश्रा सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन पर इसी तरह कई लोगों को विदेश भेजने के नाम पर ठगने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित का दावा है कि इस गिरोह द्वारा एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की जा चुकी है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि लालनगंज स्थित न्यू बैसवारा टूर एंड ट्रेवल्स का कार्यालय पिछले करीब 15 दिनों से बंद है। वहीं, जिस मकान में ट्रैवल्स का कार्यालय चल रहा था, उसके मालिक मोनू यादव की भूमिका भी संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पीड़ित का कहना है कि उसने थाना लालनगंज में भी इस पूरे मामले की सूचना दी, लेकिन वहां से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

थक-हारकर पीड़ित ने अब पुलिस अधीक्षक रायबरेली से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी और के साथ इस तरह की ठगी न हो सके। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने की बात कही जा रही है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment