Raebareli News : उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा मा० जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली अमित पाल सिंह के दिशा-निर्देशन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली अमोद कंठ द्वारा जिला कारागार, रायबरेली का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दौरान सचिव द्वारा जिला कारागार की पाकशाला, महिला बैरक, जेल चिकित्सालय, लीगल ऐड क्लीनिक व वीडियो कान्फ्रसिंग कक्ष का अवलोकन किया गया।
जेल चिकित्सालय में सचिव द्वारा मानसिक रोग से ग्रस्त बन्दियों से बात कर उनका हालचाल जाना गया। सचिव द्वारा महिला बन्दियों को स्वरोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। निरीक्षण दौरान सचिव द्वारा बन्दियों से उनके पास अधिवक्ता की उपलब्धता के बाबत जानकारी ली गई। इसके अतिरिक्त ऐसा कोई बन्दी तो नहीं है जिसकी जमानत न्यायालय से होने के बाद भी जमानतदार न दाखिल होने के कारण रिहाई नहीं हो सकी हो के सम्बन्ध में भी जानकारी ली गयी।
निरीक्षण के पश्चात बन्दियों को विधिक रुप से जागरुक करने हेतु विधिक जागरुकता कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपस्थित बन्दियों को उनके विधिक अधिकार की जानकारी दी गई तथा यह भी बताया गया कि जिन बन्दियों को निःशुल्क अधिवक्ता की आवश्यकता हो वह जेल में स्थित लीगल ऐड क्लीनिक के माध्यम से मदद ले सकते है।
निरीक्षण के दौरान व विधिक जागरुकता कार्यक्रम में अनीशा अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम, जेलर हिमाशुँ रौतेला, डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेन्स काउन्सिंल जय सिंह यादव व जेल चिकित्साधिकारी डा0 सुनील अग्रवाल, उपकारापाल अंकित गौतम, जनमेजय सिंह व सुमैया परवीन उपस्थित रही।

