Indian Stock Market Closing Today: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से नीतिगत ब्याज दरों को स्थिर रखने और ‘रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट’ (रीट) को कर्ज देने की मंजूरी दिए जाने के प्रस्ताव के बाद घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को चढ़कर बंद हुए. सेंसेक्स में 266 अंक की बढ़त रही, जबकि निफ्टी 50 में 51 अंक की तेजी देखने को मिली.
कारोबारी सत्र के अंतिम चरण में हुई लिवाली से बीएसई का 30 शेयर वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 266.47 अंक यानी 0.32 प्रतिशत चढ़कर 83,580.40 अंक पर बंद हुआ.
कारोबार के दौरान सेंसेक्स में दिन के निचले स्तर 82,925.35 से 655.05 अंक का तेज उछाल देखने को मिली. वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 50.90 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,693.70 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान बाजार में काफी उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही.
रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया गया
आरबीआई ने अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने का फैसला किया. केंद्रीय बैंक की छह-सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया. इसके साथ ही आरबीआई ने अपना तटस्थ मौद्रिक रुख भी कायम रखा. जिससे संकेत मिलता है कि फिलहाल दरों में बदलाव की संभावना कम है.
इन शेयरों में रही तेजी-गिरावट
सेंसेक्स की कंपनियों में से आईटीसी में सर्वाधिक 5.09 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई. इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व के शेयर भी बढ़त में रहे. दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, एटरनल और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट के रुख के साथ बंद हुए.
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने रियल एस्टेट क्षेत्र में वित्तपोषण को बढ़ावा देने के लिए रीट को कर्ज देने की मंजूरी का प्रस्ताव रखे जाने की जानकारी दी. हालांकि, बैंकों को कुछ विवेकपूर्ण सुरक्षा उपायों के साथ ही यह मंजूरी दी जाएगी. इस घोषणा से रियल एस्टेट और ऋण पारिस्थितिकी को दीर्घकालिक वित्तीय समर्थन मिलने की उम्मीद है.
एशिया के अन्य बाजारों का हाल
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे, जबकि जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ. अधिकांश यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख देखा जा रहा था. अमेरिकी बाजार गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे.
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजारों में अधिकांश समय नरम कारोबार ही हुआ. लेकिन सत्र के अंतिम समय में एफएमसीजी और निजी बैंकों के शेयरों में लिवाली आने से सूचकांक चढ़ गए.’’ नायर ने आरबीआई की मौद्रिक नीति को उम्मीदों के अनुरूप बताते हुए कहा कि इससे वृद्धि को लेकर सकारात्मक संकेत दिए गए हैं.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
यह भी पढ़ें: इस मल्टीबैगर शेयर ने तो निवेशकों की बदल दी किस्मत; 1 लाख के निवेश पर 78 लाख रुपये का दिया रिटर्न, जानें डिटेल

