Rohit Sharma : विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में पहुंचे फैंस को उस वक्त गहरा झटका लगा, जब मुंबई की ओर से खेल रहे रोहित शर्मा शून्य पर आउट हो गए। उत्तराखंड के खिलाफ खेले जा रहे इस मैच में रोहित को 25 वर्षीय तेज गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा ने पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। शॉर्ट बॉल पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में रोहित का कैच डीप स्क्वायर लेग पर लपका गया। यह रोहित शर्मा का इस सीजन का दूसरा विजय हजारे ट्रॉफी मैच था और आठ साल बाद इस टूर्नामेंट में उनकी वापसी को लेकर जयपुर में खासा उत्साह देखने को मिला।
सुबह छह बजे से स्टेडियम पहुंचने लगे थे फैंस
रोहित शर्मा की एक झलक पाने के लिए सैकड़ों प्रशंसक सुबह छह बजे से ही सर्दी के बावजूद स्टेडियम पहुंचने लगे थे। जैसे ही यह खबर फैली कि मुंबई पहले बल्लेबाजी करेगी, स्टैंड्स में फैंस की संख्या बढ़ने लगी। हालांकि, यह उत्साह ज्यादा देर तक टिक नहीं सका। रोहित के आउट होते ही स्टेडियम में सन्नाटा छा गया और रिपोर्ट्स के मुताबिक, बड़ी संख्या में दर्शक तुरंत स्टेडियम से बाहर निकलने लगे। कुछ फैंस को अंपायर से नो-बॉल की अपील करते हुए भी देखा गया, ताकि उन्हें अपने पसंदीदा बल्लेबाज को और खेलते देखने का मौका मिल सके।