सतांव। बथुवा खास गांव में शनिवार की रात चोरों ने रिटायर आईटीआई कर्मचारी के घर से नकदी समेत 13 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। आक्रोशित लोगों का कहना है कि घटना से पुलिस की रात्रिगश्त की कलई खुल गई। गांव निवासी यतेंद्र कुमार आईटीआई से रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वह अब घर में रहकर खेती करते हैं।
यतेंद्र के बेटे नवदीप ने बताया कि उनका एक मकान गांव के अंदर और दूसरा गांव के बाहर बना है। बाहर वाले मकान में उनकी मां, भाई व भाभी सोए थे, जबकि उनके पिता और वे गांव वाले घर पर थे। नवदीप ने बताया कि गांव के बाहर बने मकान में रात करीब एक बजे चोर छत फांदकर अंदर घुस गए। बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी के अलावा सोने की चेन, मंगलसूत्र, सोने का हार, चांदी के पायल समेत लगभग 13 लाख रुपये के जेवरात चुरा ले गए।
पीड़ित नवदीप ने बताया कि चोर जब दूसरे कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी भाभी निशा की नींद खुल गई। शोर मचाया तो चोर भाग निकले। गुरुबख्शगंज थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।

