– पांच जनवरी को घर में घुसकर बदमाशों ने डाली थी डकैती, डायना समेत पांच आरोपियों को पुलिस भेज चुकी है जेल
– महराजगंज के फरेंदा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी, लूट के जेवर और अन्य कीमती सामान बरामद
– रिटायर्ड लेखपाल ने सीएम को दिया धन्यवाद
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। एम्स थाना क्षेत्र के रजही मौर्या टोला में रिटायर्ड लेखपाल बालेंद्र सिंह के घर हुई डकैती के मामले में पुलिस ने बुधवार को गैंगस्टर समेत दो और आरोपियों को माड़ापार हाईवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महाराजगंज के फरेंदा पोखर भिंडा निवासी गैंगस्टर संजय चौहान और संजय विश्वकर्मा के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने दोपहर बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इनके पास से पुलिस ने 42,200 नकद और सोने-चांदी के जेवर और सिक्के बरामद किए हैं।
वहीं दूसरी तरफ सभी आरोपितों के पकड़े जाने और गहनों की बरामदगी के बाद रिटायर्ड लेखपाल बालेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी को धन्यवाद ज्ञापित किया है। पांच आरोपियों को पहले ही पुलिस जेल भिजवा चुकी है।
घटना पांच जनवरी 2026 की शाम करीब 6:45 बजे की है। गांव जंगल रामगढ़ उर्फ रजही निवासी रिटायर्ड लेखपाल बालेंद्र सिंह के घर दो बाइक से पहुंचे चार बदमाशों ने असलहों के बल पर धावा बोल दिया था। बदमाशों ने घर में मौजूद सभी परिजनों को बंधक बना लिया और विरोध पर लेखपाल के सिर पर असलहे के बट से हमला कर दिया था। इसके बाद बदमाशों ने परिवार की महिलाओं के पहने करीब 80 लाख के जेवर और घर में रखे चार लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले थे। घटना के पर्दाफाश के लिए एसएसपी ने कई टीमों का गठन किया था।
पुलिस टीम ने एम्स थाना क्षेत्र के रामगढ़ उर्फ रजही टोला निवासी देवेंद्र निषाद उर्फ दयानंद उर्फ डायना, चिलुआताल थाना क्षेत्र के विस्तारनगर निवासी रामरक्षा उर्फ तेजू यादव, मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र निवासी हृदयपट्टी निवासी राजकुमार सिंह उर्फ टिंकू, शाहपुर थाना क्षेत्र के पुरानी असुरन चुंगी खरैया पोखरा निवासी धनंजय चौहान और राकेश चौहान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भिजवा चुकी है। जबकि प्रकाश में आए दो अन्य आरोपी भागे हुए थे।
बुधवार को पुलिस टीम को वांछित दो अन्य आरोपियों को लूट का माल लेकर लखनऊ जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम ने माड़ापार हाईवे पर चौराहे से करीब 50 मीटर आगे लखनऊ की ओर जाते समय दोनों आरोपियों संजय चौहान और संजय विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात कबूल की है।
सीओ कैंट योगेंद्र सिंह के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संजय चौहान का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में महाराजगंज के निचलौल थाने में गैंगस्टर एक्ट, हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और डकैती समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

