Unnao News : डीएम गौरांग राठी ने दिए निर्देश — पड़ाव अड्डों का संचालन तत्काल शुरू करें, यातायात व्यवस्था में सुधार पर जोर

Aman Shanti In

Unnao News। कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी गौरांग राठी की अध्यक्षता में नगर निकायों के अंतर्गत पड़ाव अड्डों की नीलामी व यातायात प्रबंधन को लेकर बैठक आयोजित की गई।

बैठक में डीएम ने निर्देश दिए कि जिले के सभी नगर निकायों में बढ़ते ट्रैफिक और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां भी पड़ाव अड्डे चिन्हित किए गए हैं, वहां पानी, शौचालय, शेड और सूचना बोर्ड जैसी बुनियादी सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराई जाएं और अड्डों का संचालन शीघ्र शुरू किया जाए।

डीएम राठी ने यह भी कहा कि जहां यातायात नियंत्रण के लिए पुलिस बल की जरूरत हो, वहां क्षेत्राधिकारियों से समन्वय स्थापित कर पुलिस फोर्स तैनात की जाए। उन्होंने बताया कि अचलगंज, कुरसठ, सफीपुर, मोहान और गंगाघाट के पड़ाव अड्डों की तैयारियां पूरी हैं, इसलिए वहां संचालन में विलंब न किया जाए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि नगर निकायों द्वारा केवल निर्धारित स्थानों से ही शुल्क पर्ची दी जाए। यदि किसी अन्य स्थल से वसूली की जाती है तो संबंधित अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में एडीएम (न्यायिक) अमिताभ यादव, नगर मजिस्ट्रेट राजीव राज, नगर पालिका परिषद उन्नाव के अधिशासी अधिकारी एस.के. गौतम सहित सभी नगर निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *