Upcoming Hybrid Cars in India: मार्केट में धमाकेदार एंट्री मारेंगी ये Hybrid SUV, जानिए कीमत और खासियत की संभावित डिटेल


Upcoming Hybrid Cars in India: घरेलू बाजार में हाइब्रिड वाहनों की मांग पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ी है. पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतें और लगातार बढ़ रहे प्रदूषण के चलते लोग इस सेगमेंट की ओर रुख कर रहे हैं. देश की पॉपुलर कार कंपनियां इस बात को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में कई नए प्रोडक्ट पेश करेंगी.

इसमें रेनो डस्टर हाइब्रिड, निसान टेक्टन हाइब्रिड, मारुति फ्रॉन्क्स हाइब्रिड, हुंडई क्रेटा हाइब्रिड और किआ सेल्टोस हाइब्रिड का नाम शामिल है. ये सभी मॉडल्स मजबूत पावरट्रेन, मॉडर्न फीचर्स, सेफ्टी और दमदार माइलेज के साथ आएंगे. ये न केवल शहर की ट्रैफिक में आरामदायक होंगी, बल्कि हाईवे और ऑफ-रोड पर भी बेहतरीन परफॉर्मेंस देने वाली हैं. आइए, इन अपकमिंग हाइब्रिड कारों के बारे में जानते हैं.

रेनो डस्टर हाइब्रिड (Renault Duster Hybrid)

लिस्ट में पहले नंबर पर रेनो की डस्टर हाइब्रिड है. इस SUV को कंपनी साल 2026 के चौथे क्वार्टर यानी दिवाली के आसपास लॉन्च करेगी. न्यू जनरेशन डस्टर पहले ही जनवरी 2026 में अनवील हो चुकी है और उसके हाइब्रिड वेरिएंट्स बाद में आएंगे. इसका पावरट्रेन 1.8 लीटर चार-सिलिंडर पेट्रोल इंजन पर आधारित है, जो अकेले 109 बीएचपी पावर और 172 एनएम टॉर्क देता है. इसमें 49 बीएचपी का इलेक्ट्रिक मोटर, 1.4 केडब्ल्यूएच बैटरी पैक और 20 बीएचपी का हाइब्रिड स्टार्टर जनरेटर (एचएसजी) जुड़ा है.

कुल सिस्टम आउटपुट 160 पीएस पावर और 172 एनएम टॉर्क है, जो सेगमेंट का सबसे पावरफुल हाइब्रिड सिस्टम बनाता है. ये 8-स्पीड डीसीटी गियरबॉक्स के साथ आएगा और ईवी मोड में प्योर इलेक्ट्रिक ड्राइविंग की सुविधा देगा. कंपनी का दावा है कि ये फ्यूल कंजम्प्शन को 40 प्रतिशत तक कम कर सकता है, जिससे शहर में 20-25 किमी प्रति लीटर और हाईवे पर 25-28 किमी प्रति लीटर माइलेज मिल सकता है. अनुमानित कीमत हाइब्रिड वेरिएंट्स के लिए 17 से 20 लाख रुपये एक्स-शोरूम रहेगी.

फीचर्स की बात करें तो नई डस्टर में डुअल 10.1 इंच इंफोटेनमेंट और 10.25 इंच ड्राइवर डिस्प्ले, लेवल-2 एडास (17 फीचर्स के साथ), पैनोरमिक सनरूफ, 212 मिलीमीटर ग्राउंड क्लियरेंस, 518 लीटर बूट स्पेस, 360 डिग्री कैमरा, वेंटिलेटेड सीट्स और 7 एयरबैग्स जैसे टॉप-क्लास फीचर्स होंगे. ये ऑफ-रोडिंग की चाहत रखने वालों के लिए परफेक्ट चॉइस होगी. इसका एप्रोच एंगल 26.9 डिग्री और डिपार्चर एंगल 34.7 डिग्री है. भारतीय बाजार में ये ग्रैंड विटारा और हायराइडर जैसी हाइब्रिड कारों को टक्कर देगी.

निसान टेक्टन हाइब्रिड (Nissan Tekton Hybrid)

अगला मॉडल निसान टेक्टन हाइब्रिड है, जो रेनो डस्टर का ही रीबैज्ड वर्जन होगी. ये 2027 की शुरुआत में या 2026 के अंत में लॉन्च होगी. ये भी सीएमएफ-बी एलएस प्लेटफॉर्म पर बनेगी और डस्टर हाइब्रिड के ही 1.8 लीटर पेट्रोल हाइब्रिड सिस्टम का इस्तेमाल करेगी, जो 160 पीएस पावर, 172 एनएम टॉर्क के साथ 1.4 केडब्ल्यूएच बैटरी और समान माइलेज देगा. निसान इसे अपनी यूनिक डिजाइन के साथ पेश करेगी, जिसमें पैट्रोल एसयूवी से इंस्पायर्ड ग्रिल, सी-शेप एलईडी डीआरएल और कनेक्टेड टेललाइट्स होंगे.

इंटीरियर में डुअल टोन केबिन, ग्लॉस ब्लैक ट्रिम और कॉपर इंसर्ट्स मिलेंगे. अनुमानित कीमत 16 से 19 लाख रुपये एक्स-शोरूम रहेगी. टेक्टन हाइब्रिड निसान के भारतीय बाजार में वापसी का बड़ा कदम होगा. ये डस्टर से अलग एक्सटीरियर और कुछ फीचर्स जैसे बेहतर साउंड सिस्टम या प्रीमियम मैटेरियल्स के साथ आ सकती है. माइलेज, परफॉर्मेंस और विश्वसनीयता में ये डस्टर से मैच करेगी, लेकिन ब्रांड वैल्यू और राइड क्वालिटी में आगे रहेगी. भारतीय ग्राहक जो स्टाइलिश और टफ लुक चाहते हैं, उनके लिए ये परफेक्ट चॉइस होने वाली है.

मारुति फ्रॉन्क्स हाइब्रिड (Maruti Fronx Hybrid)

तीसरा मॉडल मारुति फ्रॉन्क्स हाइब्रिड है, जो अफोर्डेबल हाइब्रिड सेगमेंट में क्रांति ला सकती है. ये 2027 में फेसलिफ्ट के साथ लॉन्च होगी. मारुति का पहला मास-मार्केट स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड होगा, जो 1.2 लीटर Z12E तीन-सिलिंडर पेट्रोल इंजन पर आधारित सीरीज हाइब्रिड सिस्टम इस्तेमाल करेगी. इंजन केवल जेनरेटर के रूप में काम करेगा, कार हमेशा ईवी मोड में चलेगी. बैटरी 1.5 से 2 केडब्ल्यूएच की होगी और माइलेज 35 किमी प्रति लीटर तक पहुंच सकता है. ये शहर की ड्राइविंग के लिए परफेक्ट होने वाली है.

कीमत 8 से 15 लाख रुपये एक्स-शोरूम रहने की उम्मीद है, जो इसे सबसे सस्ता हाइब्रिड क्रॉसओवर बनाएगी. फीचर्स में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, लेवल-2 एडास, 9 इंच टचस्क्रीन, वायरलेस चार्जिंग और रिक्लाइनिंग रियर सीट्स शामिल होंगे. मारुति की सर्विस नेटवर्क और कम रखरखाव लागत इसे आम ग्राहक के लिए आकर्षक बनाएगी. फ्रॉन्क्स हाइब्रिड पेट्रोल और सीएनजी वेरिएंट्स से आगे बढ़कर इको-फ्रेंडली ऑप्शन देगा. ये युवा खरीदारों और फर्स्ट-टाइम हाइब्रिड यूजर्स के लिए बेस्ट रहेगी.

हुंडई क्रेटा हाइब्रिड (Hyundai Creta Hybrid)

हुंडई क्रेटा हाइब्रिड हमारी लिस्ट में चौथा मॉडल है, जो थर्ड-जनरेशन क्रेटा (कोडनेम SX3) के साथ 2027 की शुरुआत में आएगा. ये 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन को हाइब्रिडाइज करेगी, कुल सिस्टम आउटपुट 115-120 बीएचपी के आसपास होने वाला है. माइलेज 22-25 किमी प्रति लीटर रहने का अनुमान है. ये स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम होगा, जो रीजेनरेटिव ब्रेकिंग और ईवी असिस्ट देगा. अनुमानित कीमत 18 से 21 लाख रुपये एक्स-शोरूम हो सकती है.

क्रेटा हाइब्रिड में हुंडई के सिग्नेचर फीचर्स जैसे डुअल 12.3 इंच डिस्प्ले, लेवल-2 एडास, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड ड्राइवर सीट विद मेमोरी, 360 डिग्री कैमरा और प्रीमियम ऑडियो सिस्टम होंगे. ये ग्रैंड विटारा और हायराइडर को सीधा चैलेंज देगी. हुंडई की बिल्ड क्वालिटी, फीचर लोडेड केबिन और रिफाइंड ड्राइविंग एक्सपीरियंस इसे प्रीमियम फील देगा. भारतीय बाजार में क्रेटा पहले से बेस्टसेलर है और हाइब्रिड वर्जन इसकी पॉपुलैरिटी और बढ़ाएगा.

किआ सेल्टोस हाइब्रिड (Kia Seltos Hybrid)

लास्ट बट नॉट लीस्ट के आधार पर हमने किआ सेल्टोस हाइब्रिड को पांचवे स्थान पर रखा है. ये 2027 के दूसरे क्वार्टर में लॉन्च होगी. ये भी 1.5 लीटर एनए पेट्रोल इंजन का हाइब्रिड वर्जन होगा, जो क्रेटा हाइब्रिड से मिलता-जुलता होगा. कंपोनेंट्स को ज्यादा लोकलाइज करके कीमत को कंट्रोल किया जाएगा, अनुमानित प्राइस 17 से 20 लाख रुपये है और माइलेज 23-26 किमी प्रति लीटर के करीब हो सकता है.

नई सेल्टोस में पहले से ही पैनोरमिक सनरूफ, डुअल 12.3 इंच स्क्रीन्स, एडास लेवल-2+ और हाई-क्वालिटी इंटीरियर है. हाइब्रिड वर्जन में ये और बेहतर हो जाएगा. किआ की स्पोर्टी डिजाइन, डायनामिक हैंडलिंग और यूथ अपील इसे तमाम ग्राहकों के लिए बेहतर ऑप्शन बनाएगी. मार्केट में ये ग्रैंड विटारा हाइब्रिड और डस्टर हाइब्रिड जैसी कारों को सीधी टक्कर देगी.



Source link

© 2026 Aman Shanti – Sarkari Yojana, Auto & Tech | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net