UPPSC उम्मीदवारों के लिए खुशखबरी: PCS मेन्स 29 मार्च से, एग्जाम कैलेंडर 2026 जारी

सतीश कुमार
4 Min Read


उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत और खुशी की बड़ी खबर सामने आई है. लंबे समय से जिस परीक्षा कैलेंडर का इंतजार किया जा रहा था, आखिरकार उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने साल 2026 में होने वाली सभी परीक्षाओं का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. 

प्रयागराज स्थित आयोग मुख्यालय से जारी इस परीक्षा कैलेंडर में साफ-साफ बताया गया है कि अगले साल किस परीक्षा का आयोजन किस तारीख को होगा. इससे अभ्यर्थियों को न सिर्फ अपनी पढ़ाई की सही योजना बनाने में मदद मिलेगी, बल्कि स्कूल, कॉलेज, कोचिंग और निजी जीवन के साथ समय का बेहतर तालमेल भी बैठाया जा सकेगा. 

PCS मेन्स की तारीख हुई तय

इस कैलेंडर की सबसे अहम जानकारी संयुक्त राज्य / अपर अधीनस्थ सेवा (PCS) मुख्य परीक्षा-2025 को लेकर है. आयोग के अनुसार, PCS मेन्स परीक्षा की शुरुआत 29 मार्च 2026 से होगी. यह परीक्षा लगातार चार दिनों तक चलेगी और 1 अप्रैल 2026 को समाप्त होगी.

PCS परीक्षा को उत्तर प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित और कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है. ऐसे में इसकी तारीखों की घोषणा उन हजारों उम्मीदवारों के लिए बेहद अहम है जो लंबे समय से मेन्स की तैयारी में जुटे हुए हैं. 

फरवरी से शुरू होगा परीक्षाओं का सिलसिला

UPPSC की परीक्षा गतिविधियां साल की शुरुआत से ही तेज हो जाएंगी. सबसे पहले समीक्षा अधिकारी / सहायक समीक्षा अधिकारी (RO/ARO) मुख्य परीक्षा-2023 का आयोजन 2 और 3 फरवरी 2026 को किया जाएगा. इसके बाद कंप्यूटर असिस्टेंट परीक्षा-2025 का आयोजन 6 फरवरी 2026 को होगा यानी फरवरी महीने से ही उम्मीदवारों को लगातार परीक्षाओं का सामना करना पड़ेगा.  मार्च 2026 भी अभ्यर्थियों के लिए काफी जरूरी रहने वाला है. स्टाफ नर्स यूनानी (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 – 17 मार्च 2026, सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) प्रारंभिक परीक्षा-2025 – 22 मार्च 2026, इन्हीं परीक्षाओं के कुछ दिन बाद, 29 मार्च से PCS मेन्स की शुरुआत हो जाएगी, जो इस साल का सबसे बड़ा एग्जाम माना जा रहा है. 

अप्रैल से सितंबर तक लगातार परीक्षाएं

अप्रैल, मई, जून, जुलाई और अगस्त के महीनों में भी अलग-अलग विभागों की कई बड़ी परीक्षाएं आयोजित होंगी. इनमें सहायक अध्यापक, प्रवक्ता, सहायक प्राध्यापक, तकनीकी शिक्षा सेवा, ACF/RFO, नगर नियोजक और अन्य पदों की परीक्षाएं शामिल हैं. खास बात यह है कि ACF/RFO मुख्य परीक्षा-2025 की शुरुआत 14 जुलाई 2026 से होगी और यह लगभग 13 दिनों तक चलेगी. 

अक्टूबर में मेडिकल और तकनीकी परीक्षाएं

अक्टूबर 2026 में कई मेडिकल और हेल्थ से जुड़ी स्क्रीनिंग परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें पशु चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, होम्योपैथिक मेडिकल ऑफिसर और डेंटल सर्जन की परीक्षाएं शामिल हैं. 

PCS प्रीलिम्स 2026 साल का आखिरी बड़ा एग्जाम

साल के अंत में सबसे बड़ी परीक्षा होगी PCS प्रारंभिक परीक्षा-2026, जिसका आयोजन 6 दिसंबर 2026 को किया जाएगा. इसी परीक्षा के साथ अगले भर्ती चक्र की औपचारिक शुरुआत मानी जाती है. आमतौर पर PCS प्रीलिम्स के बाद बड़ी संख्या में नए उम्मीदवार तैयारी शुरू करते हैं. UPPSC की सभी बड़ी भर्तियां तीन चरणों में पूरी होती हैं. जिसमें पहला प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), दूसरा मुख्य परीक्षा (Mains) और तीसरा साक्षात्कार (Interview), इन परीक्षाओं के जरिए राज्य सरकार के अलग-अलग विभागों में अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की जाती है. 

यह भी पढ़ें: बेहद ही सख्ती के साथ होगी बिहार बोर्ड की परीक्षा, एक मिनट की देरी भी पड़ेगी भारी; पढ़ लें गाइडलाइन्स

Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI



Source link

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.
Leave a Comment