संघ लोक सेवा आयोग यूपीएससी ने सिविल सेवा परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन 4 फरवरी को जारी किया, लेकिन यह नोटिफिकेशन अपनी जानकारी से ज्यादा भाषा और स्पेलिंग की गलतियों को लेकर चर्चा में आ गया. दरअसल सोशल मीडिया पर उम्मीदवारों ने डॉक्यूमेंट के स्क्रीनशॉट शेयर कर दावा किया की नोटिफिकेशन में 40 से ज्यादा स्पेलिंग और ग्रामर से जुड़ी गलतियां है. जिसके बाद आयोग के प्रोफेशनलिज्म पर सवाल उठने लगे.
यूपीएससी के नोटिफिकेशन में कहां-कहां दिखी बड़ी गलतियां?
यूपीएससी के नोटिफिकेशन के पेज नंबर दो पर ही कई चौंकाने वाली गलतियां सामने आई. यहां Examination शब्द को Examinaiton और Candidates को Cadidates लिखा गया. यही नहीं यही शब्द कुछ लाइनें बाद सही भी दिखाई देता है, जिससे साफ होता है कि डॉक्यूमेंट की ठीक से प्रूफ्ररिडिंग नहीं हुई है. वहीं पेज 7 पर Benchmark को Bechmark और Functional को Functinal लिखा गया है. वहीं पेज 8 पर Abbreviations की जगह Abbriviations है. आगे पेज 9 पर परीक्षा केंद्रों की लिस्ट में Kolkata को KOLKATTA लिखा गया है, जबकि उसी पेज पर एक जगह सही स्पेलिंग है. इसके अलावा पेज 67 पर agro-based industries की जगह ago-based industries, Public Sector Undertaking के बजाय public sector underkings और associated को asssocited लिखा गया है. नोटिफिकेशन के आखिरी पेज पर BEYOND शब्द की स्पेलिंग BEYND पाई गई है.
सोशल मीडिया पर आयोग की ट्रोलिंग
यूपीएससी का यह नोटिफिकेशन सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इन गलतियों के स्क्रीनशॉट शेयर करने शुरू कर दिए. कई उम्मीदवारों ने सवाल उठाया कि अगर वह परीक्षा या आंसर शीट में ऐसी गलतियां करें तो उनके नंबर काट लिए जाते हैं. फिर आयोग के ऑफिशल डॉक्युमेंट में इतनी बेसिक गलतियां कैसे हो सकती है. वहीं एक यूजर ने दावा किया है कि पूरे नोटिफिकेशन में 40 से ज्यादा स्पेलिंग और भाषा संबंधी गलतियां है, जिसके बाद यह मुद्दा तेजी से वायरल हो गया.
आयोग के प्रोफेशनलिज्म पर उठे सवाल
यूपीएससी भारत सरकार की एक संवैधानिक संस्था है, जो देश के लिए आईएएस, आईपीएस और आईएफएससी जैसे शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों का चयन करती है. इन्हीं अधिकारियों पर आगे चलकर जिलों का प्रशासन, कानून व्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी होती है. ऐसे में आधिकारिक नोटिफिकेशन में इतनी बड़ी संख्या में गलतियां मिलने से आयोग की कार्य प्रणाली और बारीकियों पर ध्यान देने की क्षमता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
विवाद यूपीएससी की आवेदन प्रक्रिया जारी
इन विवादों के बावजूद सिविल सेवा परीक्षा 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है, उम्मीदवार 24 फरवरी 2026 तक upsconline.nic.in के जरिए आवेदन कर सकेंगे. इस परीक्षा के तहत 933 पदों पर भर्ती होनी है, जबकि भारतीय वन सेवा परीक्षा 2026 के लिए 80 पद निर्धारित हैं. वहीं पिछले साल यानी 2025 में 10 लाख से ज्यादा उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 4,161 में प्रीलिम्स पास किया, 2,736 इंटरव्यू तक पहुंचे और 979 उम्मीदवारों का चयन हुआ. इसके अलावा नोटिफिकेशन में एक अहम बदलाव का भी जिक्र किया गया है. अब चयन के बाद सेवा में रहते हुए बार-बार परीक्षा देने की अनुमति पहले जैसे नहीं रहेगी नए नियमों के अनुसार चयनित अधिकारी को एक बार परफॉर्मेंस सुधारने का मौका मिलेगा. इसके बाद दोबारा परीक्षा देने के लिए उसे सेवा से इस्तीफा देना होगा हालांकि आईएएस और आईएफएस से जुड़े पुराने नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है.
ये भी पढ़ें: NET पास उम्मीदवारों के लिए सुनहरा मौका, दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने का अवसर

