हरियाणा के सोनीपत जिले के दो युवाओं ने यूपीएससी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. यहां के रहने वाले वैभव को 344वीं रैंक और अमनदीप को 731वीं रैंक मिली है. ये दोनों युवा अपनी मेहनत, लगन और सही रणनीति के दम पर देश की सबसे मुश्किल परीक्षा में कामयाब हुए हैं. उनकी कहानी हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो सिविल सर्विसेज में जाना चाहते हैं.
वैभव ने ऐसे की तैयारी
वैभव सोनीपत के गांव चिटाना के रहने वाले हैं और फिलहाल सोनीपत शहर के वेस्ट रामनगर इलाके में रहते हैं. उनके पिता जय भगवान वकील हैं, जबकि मां सीमा देवी हाउसवाइफ हैं. वैभव की दो बड़ी बहनें हैं. परिवार में पढ़ाई को बहुत महत्व दिया जाता है. वैभव ने बताया कि उन्होंने यूपीएससी की तैयारी के दौरान रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई की. सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी, जिससे उनका पूरा ध्यान सिर्फ पढ़ाई पर रहा.
तीसरे अटैम्प्ट में मिली कामयाबी
वैभव ने इस परीक्षा को तीसरे प्रयास में पास किया. इससे पहले वह हरियाणा सिविल सर्विसेज की परीक्षा भी दे चुके हैं. अच्छी बात यह है कि उन्होंने ज्यादातर तैयारी ऑनलाइन संसाधनों से की. कोचिंग पर ज्यादा निर्भर नहीं रहे. उन्होंने यूपीएससी की बुक्स, ऑनलाइन लेक्चर, टेस्ट सीरीज और न्यूजपेपर पढ़कर अपनी तैयारी मजबूत की. वैभव की सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है.
अमनदीप ने ऐसे किया कमाल
सोनीपत जिले के ही रहने वाले अमनदीप ने यूपीएससी परीक्षा में 731वीं रैंक हासिल की है. यह सफलता उनके लिए बहुत खास है, क्योंकि उन्होंने अपने दादा सुल्तान सिंह के सपने को पूरा किया. उनके दादा चाहते थे कि उनका पोता आईएएस या सिविल सर्विसेज में जाए. अमनदीप ने चौथे प्रयास में यह सफलता हासिल की.
बीआरओ में जॉब करते हैं अमन
अमनदीप फिलहाल अरुणाचल प्रदेश में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) में वर्कशॉप ऑफिसर के पद पर तैनात हैं. नौकरी करते हुए भी उन्होंने यूपीएससी की तैयारी नहीं छोड़ी. वह रोजाना 13 से 14 घंटे पढ़ाई करते थे. काम के बाद घर लौटकर रात देर तक किताबें पढ़ते थे. अमनदीप कहते हैं कि अगर लक्ष्य साफ हो और मेहनत सच्चे दिल से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है.
कब आया यूपीएससी का रिजल्ट?
बता दें कि यूपीएससी सीएसई 2025 का रिजल्ट शुक्रवार (06 मार्च) को जारी किया गया. इसमें राजस्थान के रहने वाले अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया है, जबकि दूसरे नंबर पर चेन्नई की राजेश्वरी सुवे एम रहीं.
ये भी पढ़ें: कितनी मुश्किल है IAS बनने वाले कैंडिडेट्स को मिलने वाली LBSNAA ट्रेनिंग? इसके बारे में जानें सबकुछ
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI