सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए अब सिर्फ हुनर नहीं, बल्कि जान जोखिम में डालने का जिगर भी चाहिए. इन दिनों इंटरनेट पर एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों की सांसें थम जा रही हैं. वीडियो में एक शख्स खुले मैदान में खड़े होकर कोबरा जैसे बेहद खतरनाक सांप के साथ ऐसा खेल खेलता नजर आता है, मानो उसे मौत का कोई डर ही न हो. जिस सांप को देखकर अच्छे-अच्छों के पसीने छूट जाते हैं, उसी को यह शख्स न सिर्फ हाथों से काबू में करता है, बल्कि कुछ ही पलों में उसे मुंह में दबाकर उठा लेता है. यह नजारा इतना डरावना है कि लोग वीडियो देखते ही चौंक जा रहे हैं.
शख्स ने मुंह से उठाया कोबरा सांप
वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स जमीन पर बैठे कोबरा के बेहद करीब पहुंचता है. कोबरा फन फैलाए हुए है और किसी भी पल हमला कर सकता है. आसपास गांव के लोग खड़े होकर यह खतरनाक खेल देखते नजर आते हैं. शुरुआत में शख्स सांप के पास बेहद सावधानी से जाता है और उसके मूवमेंट को ध्यान से पढ़ने की कोशिश करता है. लेकिन इसके बाद जो होता है, वह हर किसी को हैरान कर देता है.
सन्न रह गए आसपास खड़े लोग
कुछ ही सेकंड में वह शख्स कोबरा को अपने काबू में कर लेता है. कभी वह उसे जमीन पर पकड़ता है, तो कभी अपने हाथों से उठाता है. सबसे डरावना पल तब आता है जब वह कोबरा को अपने मुंह में दबाकर उठा लेता है. यह देखकर मौके पर मौजूद लोग भी सन्न रह जाते हैं. वीडियो में साफ दिखता है कि जरा सी चूक उसकी जान ले सकती थी, क्योंकि कोबरा दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक माना जाता है.
यूजर्स भी रह गए हैरान तो किसी ने जताई नाराजगी
इस वीडियो के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है. कुछ लोग इस शख्स को बेहद साहसी बता रहे हैं, तो कई यूजर्स इसे सीधी बेवकूफी और जान से खेलने वाला काम बता रहे हैं. लोग कमेंट कर रहे हैं कि वायरल होने के चक्कर में इस तरह के खतरनाक स्टंट दूसरों को गलत संदेश देते हैं. कई यूजर्स ने यह भी कहा कि ऐसे वीडियो देखकर बच्चे और युवा प्रभावित हो सकते हैं और नकल करने की कोशिश कर सकते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है.

