Video: सावधान! क्या आप भी खा रहे हैं ‘प्लास्टिक’ के अंडे? वायरल वीडियो ने खड़े किए गंभीर सवाल

सतीश कुमार
3 Min Read

Viral Video: इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने पैकेटबंद अंडों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस वीडियो में शालिनी शर्मा नाम की महिला का आरोप है कि ज़ेप्टो के ज़रिए मंगवाए गए अंडों को उबालने के बाद उनमें प्लास्टिक जैसे रेशे दिखाई दिए.

वीडियो में शालिनी उबले हुए अंडे पकड़े हुए दिखाई दे रही हैं, जिनमें से पीले रंग के धागे जैसे रेशे निकल रहे हैं. उनका दावा है कि अंडे उबालने के बाद जर्दी की जगह उनमें प्लास्टिक जैसा पदार्थ मिला.

वायरल वीडियो में महिला ने क्या कहा?

शालिनी कहती हैं, “अब तक हमने सिर्फ यही सुना था कि बाजार में नकली या प्लास्टिक के अंडे बिक रहे हैं, लेकिन आज मैंने खुद अपने घर में इसका अनुभव किया. मैंने ज़ेप्टो से अंडे मंगवाए और जैसे ही उन्हें उबालने के लिए रखा, जर्दी की जगह अंदर से प्लास्टिक निकलने लगा.”

वह आगे कहती हैं, “टूटे हुए अंडों की ओर देखिए, प्लास्टिक नूडल्स के रूप में बाहर आ रहा है. हर अंडे पर एगोज़ एवरीडे का स्टैम्प लगा है. यह दिखाता है कि नकली प्लास्टिक के अंडे अब हमारे घरों तक पहुंच रहे हैं.”

शालिनी बताती हैं, “आज हम यही खरीद रहे हैं. अगर इन्हें किसी और तरीके से पकाया जाता, तो शायद हमें पता भी नहीं चलता कि हम प्लास्टिक खा रहे हैं. ये उबले अंडे फट गए और तब हमें पता चला कि ये प्लास्टिक थे. अगर आज इन बड़े-बड़े ब्रांड्स की यही हालत है, तो खाने के लिए सुरक्षित क्या बचा है?”

ब्रांड ने दिया जवाब 

यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो गया और यूजर्स ने खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर हैरानी और चिंता व्यक्त की. कई कमेंट करने वालों ने ब्रांड और डिलीवरी प्लेटफॉर्म को टैग करते हुए स्पष्टीकरण की मांग की.

कमेंट सेक्शन में जवाब देते हुए अंडों के ब्रॉन्ड ने लिखा, “हमें आपके अनुभव के बारे में सुनकर बहुत खेद है और हम आपकी चिंता को पूरी तरह समझते हैं. हम कभी नहीं चाहते कि हमारे ग्राहकों को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़े. कृपया हमें अपनी संपर्क जानकारी डीएम करें और हमारी ग्राहक सहायता टीम जल्द से जल्द आपसे संपर्क करके इस समस्या का समाधान करेगी. इस बात को हमारे ध्यान में लाने के लिए धन्यवाद.”

ब्रांड के जवाब के बावजूद कमेंट सेक्शन में लोगों ने इस तरह की घटिया चीज़ों के सेवन के हानिकारक प्रभावों की ओर इशारा करते हुए खूब चर्चा की. कई लोगों ने मामले में हस्तक्षेप करने के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को टैग किया.

Share This Article
Satish Kumar Is A Journalist With Over 10 Years Of Experience In Digital Media. He Is Currently Working As Editor At Aman Shanti, Where He Covers A Wide Variety Of Technology News From Smartphone Launches To Telecom Updates. His Expertise Also Includes In-depth Gadget Reviews, Where He Blends Analysis With Hands-on Insights.