भारत की संगीत परंपरा में कव्वाली का एक खास मुकाम रहा है. सूफी परंपरा से निकली यह गायकी सिर्फ कानों तक सीमित नहीं रहती, बल्कि सीधे दिल और रूह को छू जाती है. जब कव्वाली में इबादत के साथ देशभक्ति का रंग घुल जाए, तो उसका असर और भी गहरा हो जाता है. कुछ ऐसा ही नजारा एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पुराने वीडियो में देखने को मिल रहा है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभक्ति से ओतप्रोत कव्वाली सुनकर भावुक होते नजर आ रहे हैं.
जब कव्वाली सुनने पहुंचे पीएम मोदी
यह वीडियो साल 2016 का है, लेकिन आज भी इसकी भावनात्मक ताकत कम नहीं हुई है. दरअसल, 15 मार्च 2016 को नई दिल्ली में राज्यसभा के सेवानिवृत्त और सेवानिवृत्त हो रहे सदस्यों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. इसी कार्यक्रम में मशहूर कव्वाल चांद कादरी अफजल चिश्ती ने अपनी प्रस्तुति दी थी. चांद कादरी अफजल चिश्ती जब मंच पर आए और उन्होंने मशहूर देशभक्ति कव्वाली “मेरी जान जाए वतन के लिए” की शुरुआत की, तो पूरा माहौल गंभीर और भावुक हो गया. मंच के सामने बैठे राज्यसभा के दिग्गज नेता और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी तल्लीनता से इस कव्वाली को सुनते नजर आए.
ताली बजाते हुए हुए भावुक!
वीडियो में देखा जा सकता है कि कव्वाली के एक खास बोल पर पीएम मोदी खुद को तालियां बजाने से रोक नहीं पाते. उनके चेहरे के भाव साफ बताते हैं कि यह प्रस्तुति सिर्फ एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशभक्ति की गहरी भावना का इजहार थी. यही वजह है कि यह वीडियो आज भी लोगों को झकझोर देता है. वीडियो में पीएम मोदी के साथ विपक्ष के नेता भी बैठे हुए हैं और कव्वाली का आनंद ले रहे हैं.
यूजर्स कर रहे तारीफ
वीडियो को Ustad Chand Qadri नाम के यूट्यूब चैनल से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है. ऐसे में सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो को लेकर तरह तरह के रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा…चांद कादरी की बात ही अलग है. एक और यूजर ने लिखा…कव्वाली के सामने सभी नर्म पड़ जाते हैं. तो वहीं एक और यूजर ने लिखा…पीएम भी कव्वाली से अछूते नहीं हैं.

