YouTube ने बंद कर दिया ‘जुगाड़’, अब बिना पैसे नहीं मिलेगा यह मजा, करोड़ों यूजर्स पर होगा असर

YouTube पर अब बिना सब्सक्रिप्शन लिए बैकग्राउंड में वीडियो चलाना संभव नहीं रहा है. दरअसल, कंपनी अपने प्रीमियम प्लान में बैकग्राउंड प्ले का ऑप्शन देती है, लेकिन कई यूजर्स कुछ जुगाड़ लगाकर बिल्कुल फ्री में इस फीचर का मजा ले पा रहे थे. अब कंपनी ने सख्ती करते हुए इन तरीकों को बंद कर दिया है, जिससे लाखों की संख्या में यूजर्स पर असर पड़ेगा. अब प्रीमियम प्लान के बिना अगर कोई वीडियो प्ले कर रहा है तो स्क्रीन बंद होने या ब्राउजर के मिनिमाइज होते ही बैकग्राउंड में चल रहा वीडियो बंद हो जाएगा.

इन तरीकों से फ्री में बैकग्राउंड वीडियो प्ले कर रहे थे यूजर्स

यूट्यूब के प्रीमियम प्लान में यूजर्स को बैकग्राउंड प्ले का फीचर मिलता है. इसके तहत स्क्रीन ऑफ होने या दूसरी ऐप के यूज होने पर भी बैकग्राउंड में वीडियो चलता रहता है. हालांकि कई यूजर्स थर्ड-पार्टी ब्राउजर्स का यूज कर फ्री में इस फीचर को एक्सेस कर रहे थे. मिनिमाइज होने पर इन ब्राउजर्स पर बैकग्राउंड में वीडियो चलता रहता था, जिससे यूजर को बिना पैसे दिए ही प्रीमियम सब्सक्रिप्शन वाला फीचर मिल जाता था. अब यूट्यूब ने इस पर रोक लगा दी है.

अब हुआ यह बदलाव

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले काफी समय से यूट्यूब इस पर नजर रख रही थी. सैमसंग इंटरनेट, एज और विवाल्डी जैसे ब्राउजर पर फ्री में इस फीचर की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए यूट्यूब ने इसे फिक्स कर दिया है. अब जैसे ही ब्राउजर को मिनिमाइज किया जाएगा, बैकग्राउंड में चल रहा वीडियो तुरंत बंद हो जाएगा. इसके साथ ही ब्राउजर से कैश क्लियर करने और पिक्चर-इन-पिक्चर सेटिंग में बदलाव करने जैसे तरीके भी काम नहीं कर रहे हैं. यूट्यूब की पैरेंट कंपनी गूगल ने भी इसे कंफर्म किया है. कंपनी की तरफ से कहा गया है कि बैकग्राउंड प्लेबैक केवल प्रीमियम यूजर्स के लिए है.

© 2026 Aman Shanti – Sarkari Yojana, Auto & Tech | All rights reserved | Made With By WebpressHub.net